अम्ब-ऊना हाईवे पर 2 कारों में भीषण टक्कर, हादसे में 7 लोग घायल

Saturday, Sep 29, 2018 - 09:01 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): प्रताप नगर अम्ब में हुए सड़क हादसे में 7 लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। गंभीरावस्था में घायलों को सिविल अस्पताल अम्ब लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टर ने 2 की हालत नाजुक देखते हुए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया है। सूचना मिलने पर अम्ब पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात्रि करीब 12.30 बजे अम्ब-ऊना हाईवे पर पड़ते प्रताप नगर में 2 कारों की भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयंकर था कि कारों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।

कड़ी मशक्कत के बाद मारुति कार से निकाले लोग
मारुति कार में फंसे हुए लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद कार से निकाला गया। इस सड़क दुर्घटना में महिन्द्र सिंह (40) पुत्र रूमी राम निवासी भोऊ (बैजनाथ), राजीव कुमार (32) पुत्र अमरचंद, शुभम (17) पुत्र शम्मी मेहरा, नेहा (21) पुत्री शम्मी मेहरा सभी निवासी महाकाल, बैजनाथ व प्रदीप सिंह (29) पुत्र बजिन्द्र सिंह निवासी भोऊ तहसील नादौन (हमीरपुर), वंदना (36) पत्नी सुरजीत, सुरजीत (44) पुत्र बलवंत दोनों निवासी घल्लौर गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। इसमें मारुति कार सवार मोहिन्द्र सिंह व नेहा को गंभीर हालत में ऊना रैफर कर दिया है।

बैजनाथ से चंडीगढ़ जा रही थी मारुति कार
पुलिस का कहना है कि मारुति 800 कार बैजनाथ से चंडीगढ़ जा रही थी जबकि विपरीत दिशा से आ रही आई-20 कार चंडीगढ़ से नादौन की तरफ जा रही थी। डी.एस.पी. अम्ब मनोज जम्वाल ने बताया कि पुलिस ने मौके का मुआयना कर सड़क हादसे में शामिल वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में दोनों वाहन चालकों के विरुद्ध आई.पी.सी. की धारा 279 व 337 के तहत मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Vijay