किशनपुरा में ट्राले व फोर व्हीलर की टक्कर में 1 की मौत, 7 घायल

Wednesday, Nov 25, 2020 - 08:52 PM (IST)

बीबीएन (ब्यूरो): बद्दी के तहत किशनपुरा में नैशनल हाईवे पर ट्राले व फोर व्हीलर की टक्कर में फोर व्हीलर सवार 2 बच्चों सहित 7 लोग घायल हो गए जबकि 1 व्यक्ति की मौत हो गई। एक व्यक्ति को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया है जबकि बाकी घायलों का नालागढ़ अस्पताल में इलाज चल रहा है। फोर व्हीलर में ये लोग काम के लिए घुमारवीं जा रहे थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बद्दी की ओर से एक फोर व्हीलर नालागढ़ की ओर जा रहा था और नालागढ़ की ओर से एक ट्राला आ रहा था। दोनों वाहन तेज रफ्तार व गलत दिशा से आ रहे थे, जिसके कारण दोनों की टक्कर हो गई और फोर व्हीलर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में उत्तर प्रदेश निवासी तेज राम, नेत्रपाल, सोमपाल, प्रेमपाल, रज्जो, बद्री प्रसाद, मधु व दीपक घायल हो गए। घायलों को नालागढ़ अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां पर तेज राम (50) पुत्र जोखी राम निवासी मीरगंज, जिला बरेली उत्तर प्रदेश की इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल नेत्रपाल को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया है।

हादसे के बाद ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार व गलत दिशा में आ रहे थे, जिसके कारण दोनों की टक्कर हो गई। इस हादसे में घायल हुए 7 लोगों में 8 साल की लड़की व 4 साल का एक लड़का भी शामिल है।

Vijay