नाहन में कॉलेज छात्रों ने हाईवे पर किया चक्का जाम, जानिए क्या है वजह

Friday, Jul 12, 2019 - 09:51 PM (IST)

नाहन (सतीश): शुक्रवार को नैशनल हाईवे पर पी.जी. कॉलेज के विद्यार्थियों ने दोपहर बाद बसों में न बिठाने को लेकर एक बार फिर चक्का जाम कर दिया। इसके चलते हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। चक्का जाम की सूचना मिलते ही एस.डी.एम. नाहन, पुलिस बल व एच.आर.टी.सी. के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिला प्रशासन के अनुसार चक्का जाम के पीछे बसों में बैठने को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे थे। एस.डी.एम. द्वारा समझाने के बाद छात्र शांत हुए और यातायात बहाल कर दिया गया।

छात्रों ने चक्का जाम को बताया ओवरलोडिंग का मामला

बहुत से छात्रों ने चक्का जाम को ओवरलोडिंग का मामला बताया। लोगों के अनुसार इस दौरान हाईवे से कई बसें खाली भी निकलीं, जिनमें छात्र नहीं बैठे। एस.डी.एम. विवेक शर्मा ने बताया कि बसों में बैठने को लेकर विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया लेकिन मौके पर पहुंचकर विद्यार्थियों से बातचीत करने के बाद वे शांत हुए और हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया गया। बीते दिन भी ओवरलोडिंग के मामले में एच.आर.टी.सी. व कॉलेज प्रबंधन के बीच बैठक बुलाई गई थी ताकि विवाद खत्म हो और यातायात पर कोई असर न पड़े। सोमवार को कॉलेज प्रधानाचार्य के साथ बैठक रखी गई है ताकि निर्देश दिए जाएं कि वे विद्यार्थियों को प्रदर्शन करने से रोकें तथा समस्या का हल शांतिपूर्ण तरीके से निकालने में प्रशासन की मदद करें।

छात्रों के लेने गई थीं 5 बसें, 4 खाली लौटीं

एच.आर.टी.सी. नाहन के आर.एम. राशिद शेख ने बताया कि पी.जी. कॉलेज नाहन की प्रिंसीपल की डिमांड पर एच.आर.टी.सी. रोजाना तय संख्या से ज्यादा बसें कालेज से छात्रों को नाहन लाने व प्रात:काल नाहन से कालेज ले जाने के लिए भेज रहा है। शुक्रवार को भी 5 बसें अतिरिक्त छात्रों को लेने गई थीं लेकिन 4 बसें बिना छात्रों के वापस लौटी हैं। जो विवाद हुआ वह ओवरलोडिंग से ताल्लुक नहीं रखता। रोजाना तय समय पर सुबह-शाम एच.आर.टी.सी. की बसें कॉलेज परिसर पहुंच रही हैं। जानकारी के अनुसार छात्र अपनी मर्जी से बसों में बैठना चाहते हैं और तय समय के दौरान बसों में भी नहीं पहुंचते। कॉलेज प्रिंसीपल को चाहिए कि वह इस मामले में छात्रों को समझाएं। इसके अलावा हाईवे पर अन्य रूटों पर चलने वाली बसें भी छात्रों के लिए उपलब्ध हैं।

Vijay