कुल्लू में हजारों महिलाओं ने डाली सामूहिक नाटी, नारी गरिमा का दिया संदेश

Tuesday, Oct 23, 2018 - 04:05 PM (IST)

कुल्लू (मनमिंदर): अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव के पांचवें दिन गरिमा के लिए रथ मैदान में हजारों महिलाओं ने कुल्लुवी नाटी डाली। वहीं इस नाटी को देखने के लिए लोगों की भी खूब भीड़ उमड़ी। इस दौरान बतौर मुख्यातिथि पधारे वन, परिवहन, युवा सेवाएं व खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण व उत्थान के लिए प्रदेश और केंद्र सरकार ने कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई हैं। इन योजनाओं के कार्यान्वयन में आंगनबाड़ी और आशा वर्कर्स महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करती हैं। केंद्र सरकार ने इन महिला कर्मचारियों के मानदेय को लगभग दोगुना करके इन्हें बहुत बड़ी सौगात दी है।

महिलाओं की भागीदारी को सराहा
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव समिति द्वारा विभिन्न विभागों व संस्थाओं के सहयोग से आयोजित इस महानाटी में जिला भर से हजारों महिलाओं ने लोकगीतों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर कुल्लवी नाटी की। महानाटी में भारी संख्या में ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इन मेहनतकश महिलाओं ने अपनी समृद्ध लोक संस्कृति को आज भी बचाकर रखा है।

युवा पीढ़ी को नशे से बचाने की अपील
इस मौके पर वन मंत्री ने युवा पीढ़ी को नशे से बचाने की अपील भी की। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को समर्पित कुल्लवी लोक कलाकार लाल सिंह की नई एलबम का विमोचन किया तथा स्वयं भी नाटी में भाग लेकर नारी गरिमा का संदेश दिया। जिला कार्यक्रम अधिकारी वीरेंद्र आर्य ने जिला में चलाए जा रहे नारी गरिमा अभियान की जानकारी दी। इस अवसर पर बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, जिला परिषद सदस्य धनेश्वरी ठाकुर, डी.सी. यूनुस, एस.पी. शालिनी अग्निहोत्री और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

Vijay