हिमाचल में बारिश-बर्फबारी से फिर लौटी ठंड, जानिए कब तक खराब रहेगा मौसम

punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2020 - 10:05 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में मार्च के अंत में भी बर्फबारी थमने का नाम नहीं ले रही है। बर्फबारी व बारिश से तापमान में गिरावट आने से ठिठुरन एक बार फिर लौट आई है। प्रदेश के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बीती रात से ही रुक-रुक कर बर्फबारी का क्रम जारी है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में बारिश से शुक्रवार को दिन में ठंडक काफी बढ़ गई है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों ने गर्म कपड़े फिर से निकाल लिए हैं। प्रदेश के लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चम्बा की ऊंची पर्वत शृंखलाओं में बीती रात व शुक्रवार को बर्फबारी का क्रम जारी रहा।

बर्फ  से लकदक हुआ रोहतांग दर्रा

पिछले 24 घंटों में लाहौल-स्पीति के केलांग में 6 और कल्पा में 0.2 सैंटीमीटर बर्फ बारी दर्ज की गई। रोहतांग दर्रे सहित अन्य ऊंचाई वाले इलाके भी बर्फ  से लकदक हो गए हैं। राजधानी शिमला में दिनभर तेज हवाओं के साथ वर्षा होती रही, जिससे यहां दिन का पारा 5 डिग्री लुढ़क कर 13 डिग्री सैल्सियस पहुंच गया। मैदानी इलाकों हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, मंडी और कांगड़ा में भी बाद दोपहर जोरदार वर्षा हुई।

खराब मौसम के साथ होगी अप्रैल माह की शुरूआत

मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि अपै्रल माह की शुरूआत भी खराब मौसम के साथ होगी। आगामी 2 अप्रैल तक यही स्थिति रहने वाली है और इससे पहले मौसम में सुधार आने की उम्मीद कम है। बेमौसमी बारिश व बर्फबारी ने किसानों-बागवानों को मुश्किल में डाल दिया है। मैदानी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बिगडऩे से किसानों को गेहूं की फ सल को नुक्सान होने का डर सताने लगा है। किसानों को सबसे अधिक डर ओलावृष्टि को लेकर लग रहा है।

मनाली में 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज

मौसम विभाग के अनुसार कल रात मनाली में 10, डल्हौजी में 9, कल्पा में 7, जंजैंहली व बलद्वाड़ा में 6, रामपुर, सुजानपुर टीहरा, गुलेर, पूह, सराहन, सोलन और भुंतर में 4 मिलीमीटर वर्षा हुई।

न्यूनतम तापमान पर एक नजर

लाहौल-स्पीति जिला के केलांग में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया जोकि राज्य में सबसे ठंडा रहा। कल्पा में न्यूनतम तापमान 2, कुफ री में 2.9, मनाली में 4.8, डल्हौजी में 5, शिमला में 7.1, धर्मशाला में 8.4, पालमपुर में 10, मंडी में 10.5, सोलन में 10.6, भुंतर में 12.1, चम्बा में 13.7, नाहन में 14.3, सुंदरनगर में 14.4 और कांगड़ा में 14.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान पर एक नजर

दिन के अधिकतम तापमान की बात करें तो केलांग में 2.1, कल्पा में 3.4, डल्हौजी में 6.1, धर्मशाला में 12.2, भुंतर में 13.8, चम्बा में 15.9, कांगड़ा में 17.3, सोलन में 17.8, नाहन में 20.6, हमीरपुर में 22.6, ऊना में 22.8 और बिलासपुर में 23 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।

क्या बोले मौसम विभाग के निदेशक

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पर्वतीय व उच्च पर्वतीय इलाकों में 29 मार्च तक वर्षा व हिमपात के आसार हैं जबकि 30 मार्च को मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा। उन्होंने कहा कि 31 मार्च से 2 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में वर्षा व हिमपात का दौर जारी रहने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News