ऊना में ठंड से घरों में दुबके लोग, अधिकतम तापमान 11.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज

Tuesday, Jan 02, 2024 - 07:35 PM (IST)

ऊना (मनोहर): जिला ऊना में अब हाड़ कंपा देने वाली सर्दी पड़ने लगी है। वर्ष 2024 के 2 दिनों में एक भी दिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। शीतलहर का प्रकोप जारी है। सुबह धुंध पड़ने के कारण विजीबिलिटी कम होने लगी है। अधिकतम तापमान 11.6 डिग्री सैल्सियस तक लुढ़क गया है। हालात ये बन गए हैं कि लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।सर्दी से बचाव के लिए लोगों ने जगह-जगह लकड़ी के ठूंठ जला रखे हैं, वहीं कार्यालयों में सर्दी से बचाव के लिए हीटरों का सहारा लिया जा रहा है। भयंकर सर्दी के बीच दोपहिया वाहन चलाना बेहद कठिन हो रहा है। उधर, स्कूली बच्चे सर्दी के कारण परेशान हैं। हालांकि निजी स्कूलों में 2 दिन की छुट्टियां होने से बच्चों को कुछ राहत अवश्य मिली है लेकिन सरकारी स्कूलों में कोई छुट्टी नहीं है। मौसम विभाग के सहायक अधिकारी विनोद शर्मा के मुताबिक मंगलवार को ऊना का अधिकतम तापमान 11.6 तो न्यूनतम 5.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आज का दिन इन सर्दियों का सबसे ठंडा दिन रहा है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay