धर्मशाला उपचुनाव : पुराने कार्यकर्ताओं को मनाने में जुटी कांग्रेस, प्रचार में सौंपी अहम जिम्मेदारी

Sunday, Oct 06, 2019 - 10:04 PM (IST)

धर्मशाला (सौरभ): धर्मशाला उपचुनाव के रण में कांग्रेस नई रणनीति के मुताबिक उतरी है। इसी के चलते पार्टी ने बीते कई सालों से धर्मशाला में हाशिये पर चल रहे पुराने कार्यकर्ताओं को मनाने की कवायद तेज कर दी है। बीते एक हफ्ते से धर्मशाला में पार्टी के प्रचार अभियान की कमान संभाल रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर खुद पुराने कांग्रेसियों से संपर्क साध कर उन्हें पार्टी की बैठकों में आमंत्रित कर रहे हैं। कुलदीप राठौर ने पहले ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रहे सुरेश पप्पी को पुराने गिले-शिकवे मिटाकर पार्टी के प्रचार में शामिल होने के लिए मनाया।

नगर निगम के मेयर देवेंद्र जग्गी को महासचिव किया नियुक्त

कांग्रेस ने नगर निगम के पार्टी समर्थक पार्षदों को भी वार्ड स्तर पर पार्टी की जीत के लिए एकजुट करने के बाद टिकट कटने से खफा चल रहे नगर निगम के मेयर देवेंद्र जग्गी को प्रदेश महासचिव के अहम पद पर नियुक्त कर उनकी नाराजगी दूर करने का प्रयास किया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी के वयोवृद्ध पूर्व विधायक चन्द्रवर्कर से भी उनके घर जाकर धर्मशाला का रण जीतने की रणनीति पर मंथन किया है। सूत्रों की मानें तो बदले समीकरणों में पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा के कई समर्थक भी संगठन के साथ चलने में ही भलाई समझ रहे हैं व प्रचार में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

राठौर ने इन्हें भी पिरोया एकजुटता के सूत्र में

इससे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री चंद्रेश कुमारी, राज्यसभा सांसद विप्लव ठाकुर, पूर्व सांसद सुरेश चंदेल सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी प्रचार अभियान में सक्रिय रूप से जोड़कर राठौर ने उपचुनाव में पार्टी कैडर को एकजुटता के सूत्र में पिरोने में कामयाबी हासिल की है। अब देखना यह है कि अगले सप्ताह धर्मशाला लौट रहे पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा को पार्टी प्रचार में शामिल होने को तैयार कर पाती है या नहीं।

ब्लॉक कांग्रेस में कार्यकारी अध्यक्ष का विचार खारिज

कांग्रेस प्रधान ने ब्लॉक कांग्रेस में कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने का विचार भी टाल दिया है। कुछ दिन पहले समन्वय समिति की बैठक में पार्टी के ही एक विधायक ने जातिगत संतुलन कायम करने के लिए ब्लॉक कांग्रेस में एक कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त करने का विचार रखा लेकिन सूत्रों के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष ने वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद ऐसी कोई भी नियुक्ति करने का विचार सिरे से खारिज कर दिया है।

क्या बोले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि कांग्रेस धर्मशाला उपचुनाव में पूरी एकजुटता के साथ उतरी है। किन्हीं कारणों से पार्टी से दूर चल रहे पुराने कार्यकर्ताओं को भी मना लिया गया है। सभी कार्यकर्ताओं को प्रचार में अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं।

Vijay