सी.एम.ओ. ने तीसा में जांची स्वास्थ्य व्यवस्था

Wednesday, Dec 02, 2020 - 06:42 PM (IST)


चम्बा(काकू):सी.एम.ओ. डॉ. राजेश गुलेरी ने खंड तीसा के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झज्जाकोठी का दौरा किया। इसके अलावा सिविल हॉस्पिटल तीसा में कोविड-19 के दौरान दी जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं का आंकलन किया। उन्होंने कहा कि यहां पर पाई गई खामियों को प्रशासनिक स्तर पर लाकर जल्द ही ठीक किया जाएगा। उसके बाद उन्होंने भांजराडू में चल रही कोविड-19 की सैंपलिग की व्यवस्था जांची। जहां पर बुधवार को लगभग 128 लोगों की कोरोना जांच की गई। उसके बाद उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झज्जाकोठी का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा भी लिया। उन्होंने वहां पर चिकित्सा अधिकारी, स्टाफ के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थी व्यक्ति जल्द से अपना आयुष्मान कार्ड बनवाएं और इस योजना का लाभ लें। उन्होंने  हिम सुरक्षा अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के तहत क्षय रोगियों, कुष्ठ रोगियों और गैर संचारी रोगों से ग्रस्त रोगियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के चलते लोगों को अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। लोगों को स्वास्थ्य विभाग की हर कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हो इसके लिए समय समय पर स्वास्थ्य और आशा कार्यकर्ता को जागरूक करते रहें। सी.एम.ओ. ने चिकित्सा अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि इस क्षेत्र में किसी भी तरह की दवाईयों का अभाव नहीं होना चाहिए। सभी स्वास्थ्य संस्थानो पर दवाईयों की उपलब्धता हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

 

Kaku Chauhan