अब सीएम ने फोड़ा ‘पत्र बम’, सोनिया को चिट्ठी में बयां किया दर्द

Friday, Aug 25, 2017 - 07:44 PM (IST)

शिमला (राक्टा): कांग्रेस के पदाधिकारियों के बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भी पत्र बम फोड़ दिया है। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में सीएम ने लिखा है कि सरकार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी से जिस तरह का सहयोग मिलना चाहिए था, वह सहयोग चुनावी वर्ष में भी नहीं मिल रहा है। पत्र में उन्होंने ये भी लिखा है कि अगर ऐसा ही रहा, तो वह विधानसभा चुनाव को लेकर मैदान में ही नहीं उतरेगें। इस पत्र पर कोई भी बोलने को तैयार नहीं है।

 

सीएलपी की बैठक में भी दोहराई बात
सूत्रों के मुताबिक यही बात मुख्यमंत्री ने विधानसभा में उनके चैंबर में हुई सीएलपी की बैठक में भी कही थी। सीएम ने संगठन की कार्यप्रणाली पर सीधे तौर पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि हाल यही रहा तो वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। मुख्यमंत्री के यह शब्द सुनते ही बैठक में मौजूद विधायक हक्के-बक्के रह गए। सूत्रों के अनुसार सीएम संगठन में व्यापक फेरबदल चाहते हैं लेकिन कुछ विधायक चुनाव से ऐन पहले संगठन में फेरबदल के पक्ष में नहीं है। सूत्रों के अनुसार विधायक दल की बैठक में कुछ विधायकों का कहना था कि यदि अब संगठन में फेरबदल किया जाता है, तो उससे विधानसभा चुनाव में पार्टी को नुकसान हो सकता है। हालांकि इस दौरान अधिकतर विधायकों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में ही चुनाव लडऩे की बात कहीं।

 

जनता का मिलेगा सर्मथन, फिर सत्ता में लौटेगी कांग्रेस
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकास के नाम पर चुनाव लड़ेगी और जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता का बहुमत हमारे साथ है और प्रदेश में कांग्रेस फिर से सत्ता में लौटेगी। मुख्यमंत्री शुक्रवार को पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हिमाचल प्रदेश का विकास किया है। जब मुख्यमंत्री से पूछा गया कि वह किस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लडऩे तो उन्होंने कुछ भी नहीं कहा।