चुनावी साल में वीरभद्र ‘यहां’ से चाहते हैं कांग्रेस का नया प्रदेशाध्यक्ष

Sunday, Aug 27, 2017 - 11:02 AM (IST)

शिमला (विकास):चुनाव न लड़ने की बात कह कर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कांग्रेस आलाकमान पर दबाव बढ़ा दिया है। प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू से नाराज़ चल रहे वीरभद्र सिंह अब इस कुर्सी पर अपने पसंदीदा व्यक्ति की ताजपोशी चाहते हैं। सूत्रों की मानें तो सुक्खू को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से किसी नेता को अध्यक्ष बनवाना चाहते हैं। इसकी दो वजहें है। पहली इस संसदीय क्षेत्र में सबसे ज्यादा विधानसभा सीटें हैं। दूसरा सुक्खू भी हिमाचल के निचले क्षेत्र से आते हैं। ऐसे में अगर सुखविंद्र सिंह को हटाया जाता है तो अध्यक्ष भी यहीं से बनेगा, जिससे पार्टी को नुकसान की संभावना कम हो जाएगी।

वीरभद्र के मास्टरस्ट्रोक से दुविधा में हाईकमान
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के मास्टर स्ट्रोक के बाद यूं तो सूक्खू खेमे ने भी दिल्ली दरबार में लॉबिंग तेज़ कर दी है लेकिन आला कमान दुविधा में है। वीरभद्र सिंह के चुनाव नहीं लड़ने का क्या असर होगा, ये कांग्रेस पार्टी को अच्छी तरह से पता है। ऐसे में सारा दारोमदार अब हिमाचल प्रभारी सुशील कुमार शिंदे पर छोड़ दिया गया है। गणेशोत्सव के बाद हिमाचल वापस आकर शिंदे इस मामले में कोई रास्ता निकालेंगे। अब हिमाचल कांग्रेस को शिंदे के लौटने का इंतजार है।