‘‘टोपी को राजनीतिक रंग देकर CM वीरभद्र ने किया हिमाचलियों का अपमान’’

Saturday, Sep 16, 2017 - 09:55 PM (IST)

चम्बा: सिर की पगड़ी व टोपी सिर का ताज होती है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस ताज को राजनीतिक रंग देकर और ठुकरा कर हिमाचल का अपमान किया है। रंगों में ही राजनीति करने वाले मुख्यमंत्री प्रदेश का कैसे एक समान विकास कर सकते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाह नवाज हुसैन ने अपने चुराह विधानसभा क्षेत्र के दौर पर भंजराड़ू के रामलीला मैदान में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री के सेब मामले में घिरे होने पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि सुना है कि उनके सेब के बगीचे में सोने के सेब उगते हैं, जिन्हें वह देखना तो चाहेंगे लेकिन उन सेबों का हरगिज स्वाद नहीं चखेंगे क्योंकि वे भ्रष्टाचार के पेड़ों पर लगे हुए हैं। 

मुस्लिम विरोधी पार्टी नहीं भाजपा
उन्होंने कहा कि भाजपा मुस्लिम विरोधी पार्टी नहीं है। इस बात का प्रमाण यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र की भाजपा सरकार अल्पसंख्यक समुदाय के उत्थान व विकास के लिए बेहतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि देशवासी अब भाजपा में अपना भविष्य देख रहे हैं। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष डी.एस. ठाकुर, डल्हौजी की पूर्व विधायक रेणू चड्ढा और भाजपा नेता एवं नगर परिषद अध्यक्ष मनोज चड्ढा सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता व नेता मौजूद रहे।