CM वीरभद्र ने सुक्खू, मीडिया व भाजपा पर जमकर बोला हमला, पढि़ए क्या कहा

Tuesday, Aug 01, 2017 - 10:18 PM (IST)

सोलन: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह मंगलवार को सोलन दौरे के दौरान कांग्रेस संगठन व मीडिया से काफी आहत दिखाई दिए। यही कारण रहा कि उन्होंने कांग्रेस संगठन व मीडिया को खूब खरी-खोटी सुनाई। वहीं भाजपा पर भी खूब हमला बोला। सोलन में 37 बीघा भूमि पर बनने वाले अत्याधुनिक फल एवं सब्जी मंडी के नए परिसर की आधारशिला रखने व 25.24 करोड़ के मिनी सचिवालय भवन का लोकार्पण करने के बाद पत्रकारों के सवालों के जवाब में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व मीडिया की घेराबंदी की। कांग्रेस पार्टी में अनुशासन को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि संगठन में अनुशासन बनाना पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी होती है, उन्हें झाड़ू लगाने के लिए थोड़े न रखा हुआ है। चम्बा के तीसा में हुई घटना को लेकर मीडिया में आई खबरों पर उलटा उन्होंने मीडिया की ही क्लास लगा दी। उन्होंने कहा कि मीडिया घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर हिमाचल के लोगों की भावनाओं से गंदा खेल खेल रहा है। उन्होंने कहा कि चम्बा मामले में मीडिया ने गलत तरीके से भावनाओं को भड़का कर घटना को तूल दिया है। 

मुझे भाजपा नेता नहीं बताएंगे कहां जाना कहां नहीं 
इसके अलावा उनसे जब यह सवाल किया गया कि भाजपा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री तीसा क्यों नहीं गए तो उन्होंने कहा कि मुझे भाजपा के नेता नहीं बताएंगे कि कहां जाना है और कहां नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा बिन मांगे सलाह न दे। भाजपा की उन्हें कोई जरूरत नहीं है और भाजपा उन्हें नियंत्रित नहीं करती। वह जो भी करते हैं, अपनी मर्जी से करते हैं। मुरारी मार्कीट में जनसभा करते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति में प्रतिद्वंद्वी होते हैं शत्रु नहीं लेकिन भाजपा अपने राजनीतिक विरोधी को शत्रु मानती है। यही कारण है कि भाजपा उनके खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती है। उन्होंने यह भी कहा कि मैं विरोधियों को जवाब देने में सक्षम हूं लेकिन संगठन को भी यदि पार्टी के किसी भी व्यक्ति पर विपक्ष हमला करता है तो उसका जवाब देना चाहिए। 

सरकारी संपत्ति को नुक्सान पहुंचाने में नरेंद्र बरागटा का अहम रोल
कोटखाई थाने का रिकार्ड फूंकने व सरकारी संपत्ति को नुक्सान पहुंचाने में भाजपा के पूर्र्व मंत्री नरेंद्र बरागटा का अहम रोल रहा है। वीडियो कैमरे में पूरी घटना कैद हुई है, जिसमें बरागटा लोगों को लेकर थाने पहुंचे और वहां पर माहौल खराब करवाया। इस मामले में दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण को लेकर काफी हो-हल्ला किया और यहां तक कि इसके लिए धन भी एकत्रित किया लेकिन आज तक मंदिर नहीं बन पाया। उन्होंने यह भी कहा कि हत्या व चोरी की घटनाएं तो राम के राज में भी होती थीं। उन्होंने कहा कि मुझे हिंदू होने में गर्व है और मैं धर्म की रक्षा के लिए काम करता हूं और भाजपा धर्म के नाम पर राजनीति करती है।

फालतू हैं कांग्रेस के 5 जिलाध्यक्ष
उन्होंने कहा कि विपक्ष के हमले में कांग्रेस पार्टी गूंगी-बहरी बनी हुई है। प्रदेश में वैसे तो 12 जिले हैं, लेकिन 5 अध्यक्ष फालतू हंै। पूरे प्रदेश में पी.सी.सी., डी.सी.सी. व ब्लाक कांगे्रस कमेटी के अध्यक्ष हंै, लेकिन विपक्ष के हमलों का कोई जवाब नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपाइयों को मैं दिन में तो दिखता ही हूं साथ ही रात को भी सपने में मैं ही नजर आता हूं। पार्टी को आल फॉर वन व वन फॉर आल की तर्ज पर एक दूसरे के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन को विपक्ष के हमले का जवाब देने के लिए मैदान में कूदना चाहिए।