HPCA को हथियाना CM वीरभद्र का एकमात्र एजैंडा : संजय शर्मा

Wednesday, Jul 12, 2017 - 01:47 AM (IST)

धर्मशाला: एच.पी.सी.ए. प्रवक्ता संजय शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा अनुराग ठाकुर के ऊपर लगाए गए मुकद्दमे को खारिज करने के बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर बड़ा हमला बोला है। संजय ने कहा कि जो मुख्यमंत्री स्वयं बेल पर हैं उसे एच.पी.सी.ए. पर आरोप लगाने से पहले हजार बार सोचना चाहिए। उन्होंने मंगलवार को धर्मशाला में एक पत्रकार वार्ता में कहा कि जबसे वीरभद्र सिंह प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं तब से ही मुख्यमंत्री का मुख्य एजैंडा एच.पी.सी.ए. को हथियाना और एच.पी.सी.ए. के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर को बदनाम व एच.पी.सी.ए. के पदाधिकारियों को प्रताडि़त करना ही रहा है। 

मुख्यमंत्री ने एच.पी.सी.ए. पर ही दर्ज किए मामले
उन्होंने कहा कि पिछले 4 सालों में जब तक मुख्यमंत्री के खिलाफ मुकद्दमे दर्ज नहीं हुए थे तब तक मुख्यमंत्री ने एच.पी.सी.ए. पर ही मामले दर्ज किए। उन्होंने आरोप लगाया कि एच.पी.सी.ए. के ऊपर लगाए गए सभी मामले राजनीतिक द्वेष की भावना से मुख्यमंत्री ने बनाए गए थे। संजय शर्मा ने राज्यपाल से निवेदन किया है कि दिल्ली में केस की पेशी को जाने के लिए जो  खर्च वीरभद्र करते हैं, वह उनके निजी खाते से वसूल किया जाएं न कि सी.एम. के खाते से।