CM वीरभद्र ने भाजपा नेताओं पर बोला बड़ा हमला, अपनों को भी नहीं बख्शा

Sunday, Jul 09, 2017 - 06:51 PM (IST)

मंडी (नीरज शर्मा): सी.एम. वीरभद्र सिंह ने भाजपा नेताओं पर बड़ा हमला बोला है। उनका कहना है कि जिस दिन वह अदालतों से बरी हो जाएंगे उस दिन भाजपा नेता अपने लिए कब्रें खोदेंगे। यह बात उन्होंने मंडी में जारी युवा कांग्रेस के 2 दिवसीय संकल्प शिविर के समापन समारोह में कही। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भाजपा नेताओं के इशारों पर एक ही मामले पर तीन-तीन एजैंसियों की जांच बैठा रखी है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि इन तीनों को केंद्र सरकार ने उनकी सेवा में लगा रखा है। उन्होंने कहा कि इनते षड्यंत्र शायद पाकिस्तान ने भी भारत के खिलाफ नहीं रचे होंगे जितने भाजपा नेता उनके खिलाफ रच चुके हैं।



भाजपा नेताओं पर कसा तंज 
उन्होंने भाजपा नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा नेताओं का एकमात्र एजैंडा वीरभद्र सिंह ही है। वीरभद्र सिंह भाजपा नेताओं के तन और मन पर इस कद्र छाया हुआ है कि न उन्हें रातों को नींद है और न ही दिन को चैन। वीरभद्र सिंह ने मजाकिया अंदाज कहा कि न जाने क्यों भाजपा नेता उनसे इतना डरते हैं, जबकि वह भी तो एक साधारण इंसान ही हैं।



बुर्का पहने हुए हैं कांग्रेस के कई पदाधिकारी
इस दौरान उनके निशाने पर अपनी ही पार्टी के कुछ पदाधिकारी भी रहे। उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से इशारा करते हुए कहा कि कांग्रेस बहुत बड़ी पार्टी है और कुछ नेता बुर्का पहनकर काम कर रहे हैं। बता दें कि रविवार को ही कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष मंडी जिला के बल्ह विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के एक कार्यक्रम में आए हुए थे और सीएम के कार्यक्रम में उन्होंने हाजिरी नहीं भरी। माना जा रहा है कि यह इशारा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के लिए ही था।