आलाकमान से मिलकर लौटे CM के इस बयान से चुनाव लड़ने पर बढ़ा सस्पेंस

Friday, Sep 01, 2017 - 03:29 PM (IST)

शिमला (विकास): कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर वापस लौटे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के चुनाव लड़ने पर अभी भी सस्पेंस बरकरार है। शिमला में सीएम ने कहा कि वे चुनाव लड़ भी सकते हैं और नहीं भी। आला नेताओं से जो बात करनी थी वो कह दी है। सोनिया गांधी ने उनकी बात को ध्यान से सुना है। सरकार और संगठन के टकराव पर वीरभद्र सिंह ने कहा कि ऐसा कौन सा घर होता है जहां विवाद नहीं होता है। पार्टी में जो भी विवाद हैं वो चुनाव से सुलझ जाएंगे। कांग्रेस किसके नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी इसका फैसला हाईकमान करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं ऐसा कोई काम नहीं करूंगा जिससे पार्टी को नुकसान हो। 


सोनिया-पटेल से की थी मुलाकात
सुक्खू से नाराज चल रहे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके राजनीतिक सलाहाकार अहमद पटेल से मुलाकात की थी। इस मुलाकात में वीरभद्र सिंह ने सुक्खू को प्रदेशाध्यक्ष के पद से हटाने की मांग की है। अभी ये मामला कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की गैर मौजूदगी की वजह से लटक गया है। राहुल गांधी विदेश दौरे पर है।