CM ने अग्निहोत्री पर साधा निशाना, प्रियंका गांधी के हिमाचल दौरे पर दिया यह बयान(Video)

Tuesday, May 14, 2019 - 03:47 PM (IST)

ऊना (अमित): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को ऊना की सभी पांचों विधानसभाओं में अलग-अलग पांच जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान गगरेट विधानसभा में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री पर जमकर व्यंगात्मक कटाक्ष किया। उन्होंने नेता विपक्ष के कुछ अधिक ही जल्दी में होने की बात कहते हुए उनके सब्र संयम नहीं होने की बात कही। जयराम ने अग्निहोत्री को जुगाड़ से बना हुआ ऐसा नेता विपक्ष बताया जिससे वही लोग परेशान हैं जिन्होंने उन्हें नेता विपक्ष चुना था। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर की गई उनकी खुद की टिप्पणियों पर नेता विपक्ष द्वारा की गई आपत्ति और संभलकर बोलने की नसीहत पर आक्रामक जवाब दिया। 

जयराम ने तीखा हमला करते हुए कहा कि अग्निहोत्री खुद अपना गिरेबां देखें। उन्होंने कहा कि वह खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी करते हैं और हमें राहुल पर टिप्पणी से रोकते हैं। लोकतंत्र का पर्व अपने अंतिम पड़ाव में है और इन आखिरी चरण में नेताओं के मुखारविंद से शब्दों के बाण भी तेजी से एक दूसरे पर प्रहार करते नजर आ रहे हैं। ऊना में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के हिमाचल दौरे पर टिप्पणी करते हुए इससे बीजेपी को कोई फर्क नहीं पड़ने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में बीजेपी की रिकॉर्डतोड़ मतों से जीत का दावा भी किया।

Ekta