कसौली में अवैध निर्माण पर CM जयराम ने साधा कांग्रेस पर निशाना, जानिए क्या बोले

Saturday, May 05, 2018 - 09:09 PM (IST)

नाहन: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को हरिपुरधार में माता भंगायणी देवी मेले के समापन मौके पर आयोजित जनसभा में कांग्रेस की पूर्व सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्षों से कसौली में होटलों के नाम पर अवैध निर्माण होता रहा। यह निर्माण तत्कालीन कांग्रेस सरकार की निगरानी में हुआ। लगातार अवैध निर्माण हुआ और कांग्रेस सरकार सोती रही लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। प्रदेश में अब कसौली जैसे कांड नहीं होंगे। चाहे गुडिय़ा कांड हो या फिर हाल ही में हुआ कसौली कांड हो, दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। कसौली में अवैध निर्माण को गिराने का कार्य सुप्रीम कोर्ट के आदेशों पर किया जा रहा है। इस मामले में कोई ढील नहीं बरती जाएगी।


जनता को गुमराह करना कांग्रेस पार्टी की पुरानी आदत
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार ने 5 साल में प्रदेश में अव्यवस्था फैलाई। अफरा-तफरी फैलाकर प्रदेश की जनता को गुमराह करना कांग्रेस पार्टी की पुरानी आदत है। उन्होंने कहा कि कसौली कांड एक गंभीर घटना है। प्रदेश में ऐसी घटनाएं पुन: न हों, इसके लिए सख्त आदेश दिए गए हंै। उन्होंने कहा कि कसौली गोलीकांड में आरोपी को पुलिस ने धरदबोचा है। गुडिय़ा कांड में पकड़े गए दोषी भी पुलिस के शिकंजे में हैं। सरकार बिना किसी दबाव के है और कानून अपना काम करेगा। उन्होंने कहा कि रिटायर्ड व टायर्ड कल्चर खत्म हो चुका है। वीरभद्र शासन में जिन चहेते अधिकारियों व कर्मचारियों को सेवाविस्तार दिया गया था, उन्हें घर वापस भेजा गया है। ये अधिकारी चाहते थे कि उन्हें कुछ और समय सेवा विस्तार मिले लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उनसे कहा गया कि सरकार को सेवा विस्तार की जरूरत नहीं है। आप अपने परिवारों में रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं।


कांग्रेस शासन में शुरू हुई थी एक नई परंपरा
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में एक नई परंपरा शुरू हुई थी। वीरभद्र सिंह जब चलने-फिरने और प्रदेश का दौरा करने की स्थिति में नहीं रहे तो शिमला में एक दीवार ढूंढी गई और उस पर प्रदेश भर की योजनाओं के शिलान्यास की पट्टिकाएं लगाकर वीरभद्र सिंह से पर्दे की रस्सी खिंचवाकर एकमुश्त शिलान्यास करवा दिए गए और अधिकारियों को ये शिलान्यास पट्टिकाएं देकर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जहां के शिलान्यास हुए थे, वहां टांगने के लिए भेजा गया। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जनता को पूरी तरह से ठगने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार एक मजबूत सरकार है जो जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगी।

Vijay