CM लें संज्ञान, जिंदान के परिवार को मिले सुरक्षा: विक्रमादित्य

Monday, Sep 10, 2018 - 09:15 AM (IST)

शिमला (राक्टा): सामाजिक कार्यकर्ता केदार सिंह जिंदान की हत्या मामले में मुख्यमंत्री को संज्ञान लेते हुए पुलिस विभाग को कड़े दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए। विधायक विक्रमादित्य सिंह ने अनौपचारिक बातचीत में उक्त बात कही है। उन्होंने कहा कि जिंदान गरीब लोगों से जुड़े मामलों को उठाते रहे और हाल ही में उन्होंने बी.पी.एल. में गड़बड़ी का मामला उठाया था। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उन्होंने पहले ही जिला प्रशासन, एस.पी. और डी.जी.पी. को लिखित में शिकायत दी थी कि उनकी जान को खतरा है, उसके बावजूद जिला प्रशासन ने उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान नहीं की और न ही पुलिस ने कोई एक्शन लिया जो कई सवाल खड़े करता है। 

उन्होंने कहा कि इस मामले को सरकार को पूरी गंभीरता से लेना चाहिए था, जिसमें सरकार विफल हुई है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इस मामले की  सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री का कहना है कि सरकार ने कानून व्यवस्था की स्थिति को बेहतर किया है लेकिन इस तरह के मामले कई सवाल खड़े कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोलन में टी.सी.पी. की एक महिला अधिकारी पर गोली चलाई गई। इसके साथ ही यहां लगातार मादक द्रव्यों की तस्करी, रेप और हत्या के मामले सामने आ रहे हैं जिससे स्पष्ट होता है कि यहां लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति सही नहीं है।
 

Ekta