"हिमकेयर योजना में हुआ बड़ा घोटाला, कागजों में कर दिए पुरुषों की बच्चेदानी के ऑप्रेशन", हमीरपुर में जयराम सरकार पर बरसे CM सुक्खू
punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 06:12 PM (IST)
हमीरपुर (राजीव): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूर्व की जयराम सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जयराम सरकार के कार्यकाल में हिमकेयर योजना में बहुत बड़ा घोटाला हुआ है। सरकार ने जब इस योजना में हुए फर्जीवाड़े की जांच करवाई, तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस योजना की आड़ में प्रदेश की संपदा को जमकर लूटा गया और कागजों में तो पुरुषों की बच्चेदानी के भी ऑप्रेशन कर दिए गए। मुख्यमंत्री हमीरपुर शहर में नगर निगम के नए कार्यालय का शिलान्यास और बस अड्डे पर बनी 11 दुकानों का उद्घाटन करने के बाद टाऊन हॉल में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के लिए जमीन लीज से लेकर स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में कई बड़ी घोषणाएं भी कीं।
अवैध कब्जों पर घर बनाने वाले गरीबों को बड़ी राहत
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 75 लाख की आबादी को एक बड़ी राहत देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने वर्षों पहले 1 मरला, 4 मरले या 2 बिस्वा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करके अपने घर बना लिए हैं, सरकार उनके लिए एक नई योजना ला रही है। यदि इन कब्जों को रैगुलराइज (नियमित) नहीं किया जा सका, तो सरकार राहत देते हुए यह जमीन उन्हें लीज पर मुहैया करवाएगी।
एम्स की तर्ज पर बनेगा हमीरपुर मेडिकल कॉलेज, 30 हजार में रोबोटिक सर्जरी
स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाते हुए सीएम ने कहा कि हमीरपुर (राधा कृष्णन) मेडिकल कॉलेज कांग्रेस की देन है। एक महीने के भीतर इसके नए भवन में सभी डिपार्टमैंट शुरू हो जाएंगे और इसे दिल्ली एम्स की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले रोबोटिक सर्जरी के लिए 4 लाख रुपए खर्च करने पड़ते थे, लेकिन अब हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में भी यह सुविधा होगी और आम लोगों की सर्जरी मात्र 30 हजार रुपए में की जाएगी। इसके अलावा, हमीरपुर में जापान की मदद से उत्तर भारत (नॉर्थ जोन) का सबसे बड़ा कैंसर अस्पताल बनाया जा रहा है।
पीजी की सीटें बढ़ाईं, 5 लाख वेतन पर भी नहीं मिल रहे रेडियोलॉजिस्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 40 वर्षों में प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में मात्र 270 पीजी सीटें थीं, लेकिन वर्तमान सरकार ने एक ही साल में 240 नई पीजी सीटें स्वीकृत करवाई हैं। वर्ष 2032 तक प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेज देश में सबसे बेहतर होंगे। उन्होंने पिछली सरकारों की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी गलतियों के कारण आज प्रदेश में रेडियोलॉजिस्ट का टोटा है। सरकार 5 लाख रुपए वेतन देने को तैयार है, फिर भी रेडियोलॉजिस्ट नहीं मिल रहे हैं।
शिक्षा में 21वें से 5वें स्थान पर पहुंचा हिमाचल, पेपर लीक पर लगी रोक
शिक्षा व्यवस्था पर बोलते हुए सुक्खू ने कहा कि जयराम सरकार के समय शिक्षा का स्तर इतना गिर गया था कि पांचवीं कक्षा का बच्चा दूसरी की किताब नहीं पढ़ पाता था। उस समय हिमाचल शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान पर खिसक गया था, लेकिन हमारी सरकार के सुधारों का ही नतीजा है कि आज प्रदेश 5वें स्थान पर आ गया है। भाजपा के समय में पेपर लीक होना आम बात थी, लेकिन हमारी सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। वहीं, पर्यटन विकास को लेकर उन्होंने बताया कि कांगड़ा को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है और गगल एयरपोर्ट के विस्तार के लिए अढ़ाई लाख करोड़ रुपए का मुआवजा देकर भूमि अधिग्रहण किया गया है।
2027 में भी बनेगी कांग्रेस सरकार, स्पीकर पद से संतोष करें जयराम
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सत्ता में आने के सपने देखना छोड़ दे। पिछली बार भाजपा के जो 28 विधायक जीते थे, उनमें से 16 विधायक चुनाव हार रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जयराम ठाकुर का सपना सिर्फ बल्ह में एयरपोर्ट बनाने का था, जिसे वे पूरा नहीं कर सके, जबकि हमारा सपना पूरे हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने का है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भी कांग्रेस की सरकार रिपीट होगी और कहीं जयराम ठाकुर को विधानसभा में स्पीकर पद से ही संतोष न करना पड़े।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर स्थानीय विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया, कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, ग्रामीण बैंक के चेयरमैन रामचंद पठानिया, डीसी गंधर्वा राठौड़, एसपी बलबीर सिंह और नगर निगम कमिश्नर राकेश शर्मा सहित कई अन्य कांग्रेस नेता व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

