Hamirpur News: CM सुक्खू कल करेंगे हमीरपुर का दौरा, जनता को देंगे करोड़ों रुपए की सौगात

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 05:36 PM (IST)

हमीरपुर (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू बुधवार को हमीरपुर जिले के महत्वपूर्ण दौरे पर आ रहे हैं। अपने इस एकदिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री हमीरपुर शहर में करोड़ों रुपए के विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुक्खू सुबह करीब 11 बजे हमीरपुर पहुंचेंगे। आगमन के पश्चात वह थोड़ी देर के लिए सर्किट हाऊस में रुकेंगे और विश्राम करेंगे। इसके बाद सुबह 11:45 बजे मुख्यमंत्री बस स्टैंड के सामने स्थित रानी झांसी पार्क के पास पहुंचेंगे, जहां वह नगर निगम की नवनिर्मित 13 दुकानों का विधिवत उद्घाटन कर जनता को समर्पित करेंगे। दुकानों के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री का अगला कार्यक्रम टाऊन हॉल में होगा, जहां वह नगर निगम के नए बनने वाले कार्यालय भवन का शिलान्यास करेंगे। इस शिलान्यास के तुरंत बाद वह टाऊन हॉल में ही एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जहां वह स्थानीय जनता के साथ संवाद करेंगे। अपने सभी निर्धारित कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर बाद वापस शिमला लौट जाएंगे।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। हमीरपुर की डीसी गंधर्वा राठौड़ ने नगर निगम के अधिकारियों को उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही डीसी ने सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान अपने-अपने विभागों से संबंधित जानकारी के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहें।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News