सीएम सुक्खू ने नादौन में रखी 108.28 करोड़ की 4 विकासात्मक परियोजनाओं की आधारशिला

Wednesday, Jan 10, 2024 - 08:56 PM (IST)

नादौन (जैन): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को नादौन के लिए 108.28 करोड़ की 4 विकासात्मक परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने नादौन शहर के लिए 24 घंटे पेयजल की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 44.66 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली परियोजना का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि इस परियोजना का निर्माण कार्य इस वर्ष गर्मियों से पहले पूरा कर लिया जाएगा, जिससे नगर पंचायत नादौन के सभी 7 वार्डों के निवासियों को 24 घंटे पेयजल आपूर्ति की सुविधा उपलब्ध होगी। इस योजना में अत्याधुनिक यूवी फिल्टर तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने 43.06 करोड़ रुपए की लागत से नादौन में बनने वाले हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटल का शिलान्यास भी किया, जिसे जुलाई, 2025 तक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह होटल पर्यटकों को सुविधा प्रदान करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने गगाल में 6.54 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले जल शक्ति विभाग के विश्रामगृह तथा जलाड़ी में 14.02 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले मॉडल करियर एवं स्किल सैंटर की आधारशिला भी रखी। स्किल सैंटर जून, 2025 तक तैयार कर लिया जाएगा। इस अवसर पर विधायक संजय रत्न कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि नादौन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, जिलाधीश हेमराज बैरवा, हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के प्रबंध निदेशक जतिन लाल व पुलिस अधीक्षक डाॅ. आकृति शर्मा सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay