Himachal: सीएम सुक्खू ने साधा निशाना, बोले-जयराम ठाकुर झूठ के सौदागर, झूठ ही बोलेंगें

punjabkesari.in Saturday, Oct 19, 2024 - 06:29 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जयराम ठाकुर झूठ के सौदागर हैं और झूठ ही बोलेंगें। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की गारंटियां पूरी हो जाती हैं तो हमें और भी काम करना है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर ने इतना बड़ा झूठ बोल दिया कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर वित्त मंत्री रहे हैं और वह आरबीआई से पता कर सकते थे कि प्रदेश की ट्रेजरी की क्या स्थिति है।

मुख्यमंत्री बस अड्डे पर महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा का अनावरण करने के उपरांत पत्रकारों को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हमीरपुर शहर में विभिन्न विकास कार्यों के करीब 3 करोड़ के उद्घाटन किए। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार प्रदेश पर 85 हजार करोड़ रुपए का कर्जा और 10 हजार करोड़ रुपए की कर्मचारियों की देनदारियां छोड़ गई थी, इन्हें भी हम निपटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का काम सिर्फ अफवाहें फैलाना है। उन्होंने कहा कि मेरा ध्येय काम करना है और राजनीतिक रोटियां सेकना नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अच्छे काम करना चाहते हैं और प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आज हमीरपुर मेडिकल काॅलेज में स्वास्थ्य विभाग के बड़े अधिकारियों के साथ मैंने बैठक भी रखी है और मैं चाहता हूं कि हमीरपुर में प्रदेश की बैस्ट स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध की जा सकें, इसी दिशा में हम काम कर रहे हैं। इस अवसर पर उनके साथ मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह, कांगड़ा बैंक के अध्यक्ष कुलदीप पठानिया, कांग्रेस नेता डाॅ. पुष्पेंद्र वर्मा व निशांत शर्मा भी मौजूद रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News