सीएम साहब हमें पैसे नहीं, मकान चाहिए...बच्चों को लेकर कहां जाएं

punjabkesari.in Friday, Aug 18, 2023 - 09:02 PM (IST)

अम्बोन गांव में महिलाओं ने मुख्यमंत्री को सुनाया दुखड़ा
पांवटा साहिब (संजय):
सीएम साहब हमें पैसे नहीं, मकान चाहिए...बच्चों को लेकर कहां जाएं। ये दुखड़ा अम्बोन गांव में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के समक्ष गांव की प्रभावित महिलाओं ने सुनाया। मुख्यमंत्री दोपहर में शिलाई विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली चांदनी पंचायत के अम्बोन व जांदनिया गांव पहुंचे व बाढ़ से हुए नुक्सान का जायजा लिया। इस दौरान अम्बोन की महिला अत्री देवी मुख्यमंत्री के सामने जोर-जोर से रोने लग गई। मुख्यमंत्री के सामने हाथ जोड़कर खड़ी हो गई। विलाप करते हुए बोली कि साहब हमें पैसे नहीं चाहिए, हमें मकान चाहिए। ग्रामीणों ने कहा कि अम्बोन व जांदनिया गांव में 55 वर्षों से भूस्खलन हो रहा है। ग्रामीणों की जमीन खत्म हो गई है और मकान मलबे में दफन हो गए हैं। गांव के 15 परिवार एक महीने से बच्चों सहित अपने रिश्तेदारों के यहां रह रहे हैं। 
PunjabKesari

22 परिवारों को एक-एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने डीसी सिरमौर को निर्देश दिए कि पीड़ित 22 परिवारों को एक-एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता शनिवार तक दी जानी चाहिए, साथ ही सुरक्षित भूमि की तलाश कर गांव को विस्थापित करने की योजना पर काम करें। कमला देवी बच्चे को लेकर मुख्यमंत्री के सामने पहुंची और कहने लगी कि साहब मलबे ने हमारा पूरा घर खत्म कर दिया है। अब हम छोटे बच्चों को लेकर कहां जाएं? इस दौरान उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि सरकार बाढ़ पीड़ितों के लिए काम कर रही है, साथ ही मुख्यमंत्री ने तहसीलदार को बुलाकर आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए।
PunjabKesari

टिक्कर खड्ड पर पुल बनाने के लिए उपलब्ध करवाएंगे बजट
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के काफिले को टिक्कर खड्ड पर रोका। पंचायत प्रधान गुलाब चौधरी, मामराज कपूर, सोहन सिंह व शशि कपूर ने कहा कि टिक्कर खड्ड पर 50 वर्षों से कटाव लगता है। हल्की-सी बारिश में सड़क बंद हो जाती है। इस कारण करीब 10 पंचायतों के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि खड्ड में कई बार गाड़ियां बह चुकी हैं। पिछले दिनों एक स्कूली बच्चा भी मलबे में दब गया था। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि खड्ड पर पुल के निर्माण के लिए बजट उपलब्ध करवाया जाएगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News