प्रदेश में आई आपदा के मौके पर भी राजनीति करने से नहीं चूके थे भाजपा नेता : सुक्खू

Saturday, Jan 27, 2024 - 09:33 PM (IST)

दौलतपुर चौक/गगरेट (परमार/हनीश): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता प्रदेश में आई आपदा के मौके पर भी राजनीति करने से नहीं चूके थे। उस समय भाजपा नेताओं ने आपदा से प्रभावित लोगों के साथ खड़ा होने से भी इंकार कर दिया था। प्रदेश भाजपा नेताओं को जब केंद्र सरकार से मिलकर रिलीफ पैकेज लाने के लिए दिल्ली चलने को कहा तो ऐसे मौके पर भी भाजपाई साथ खड़े नहीं हुए थे। मुख्यमंत्री गगरेट विधानसभा क्षेत्र के भंजाल गांव में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं तीनों भाजपा सांसदों से पूछना चाहता हूं कि वे आपदा की घड़ी में प्रदेश को रिलीफ पैकेज जारी करने के लिए प्रधानमंत्री व गृह मंत्री से क्यों नहीं मिले। इसके बावजूद कांग्रेस सरकार ने आर्थिक संकट से जूझने के उपरांत भी जनता के दुख-दर्द को बांटते हुए राहत पैकेज जारी किया। उन्होंने कहा कि अगर इस दिशा में प्रदेश के भाजपा सांसद भी साथ खड़े होते तो गुजरात के भुज व उत्तराखंड की तर्ज पर प्रदेश को इस आपदा से निपटने के लिए रिलीफ पैकेज जारी हो सकता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व विभाग हो या अन्य विभाग यहां भी ऐसे कानून या नियम थे जिसके चलते दशकों से कार्य लटके हुए थे। कांग्रेस सरकार ने ऐसे कानूनों व नियमों को बदलने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने मकान के लिए आर्थिक सहायता राशि डेढ़ लाख से बढ़ाकर 7 लाख देने के साथ साथ पानी-विद्युत का कनैक्शन भी मुफ्त देने का निर्णय लिया है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay