प्रदेश सरकार राज्य की आर्थिकी को सशक्त करने के लिए प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री

Tuesday, Jan 09, 2024 - 09:33 PM (IST)

नादौन (जैन): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को नादौन विधानसभा क्षेत्र के लिए 3 विकासात्मक परियोजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण किए। मुख्यमंत्री ने धनेटा में 7.60 करोड़ रुपए की लागत से राजकीय स्नातक महाविद्यालय धनेटा के बी-ब्लॉक के भवन के साथ-साथ धनेटा में 2.29 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले ग्रामीण पेयजल एवं स्वच्छता समिति वीडब्ल्यूएससी भवन की आधारशिला रखी। उन्होंने 1.21 करोड़ रुपए की लागत से बने उठाऊ पेयजल परियोजना जनसूह का लोकार्पण किया। धनेटा में जनसभा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने धनेटा काॅलेज के लिए 25 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही नादौन विधानसभा क्षेत्र के खरीड़ी में इनडोर स्टेडियम बनाया जाएगा, जिसका जल्द ही शिलान्यास किया जाएगा।

वर्तमान सरकार को पूर्व सरकार से विरासत में मिला कर्ज 
सीएम कहा कि वर्तमान राज्य सरकार को पिछली भाजपा सरकार से कर्ज विरासत में मिला है लेकिन अब धीरे-धीरे प्रदेश की अर्थव्यवस्था पटरी पर आ रही है तथा एक वर्ष में ही 20 प्रतिशत का सुधार आया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा से 16 हजार परिवार प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद राज्य सरकार ने प्रभावितों को बसाने के लिए कानून में बदलाव किया और घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होने पर मिलने वाले डेढ़ लाख रुपए के मुआवजे को बढ़ाकर 7 लाख रुपए किया गया। उन्होंने कहा कि आपदा से निपटने के लिए केंद्र से कोई भी विशेष राहत पैकेज नहीं मिला है और केवल सभी राज्यों को मिलने वाली वार्षिक राशि के अनुसार प्रदेश का हक ही जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने नियमानुसार लगभग 10 हजार करोड़ रुपए के दावे केंद्र सरकार को भेजे हैं, जो हिमाचल को मिलने हैं। इस संबंध में वे हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री से भी मिले, लेकिन भाजपा नेता यह पैसा जारी करवाने में रोड़े अटका रहे हैं।

हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रयास कर रही सरकार 
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पैंशन बहाल की है। अगले शैक्षणिक सत्र से सभी सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी मीडियम में पढ़ाई शुरू करने जा रही है। बच्चों के मन में हीन भावना न हो, इसके लिए स्कूल प्रबंधन को 6 में से एक स्मार्ट वर्दी चुनने का अधिकार दिया गया है। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के शिक्षा के क्षेत्र में उदासीन रवैये के कारण हिमाचल गुणात्मक शिक्षा के मामले में 18वें स्थान पर पहुंच गया है। वर्तमान राज्य सरकार शिक्षा क्षेत्र में व्यवस्था परिवर्तन कर रही है तथा भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए परिवेश तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पहली कक्षा में बच्चे के दाखिले के लिए 6 वर्ष की आयु निर्धारित की है लेकिन इस सत्र में बच्चों को आयु में कुछ माह की छूट दी जा सकती है।

प्राकृतिक खेती पर आधारित निश्चित आय प्रदान करने वाली योजना लाई जाएगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने युवाओं के लिए स्टार्टअप योजना लाने का वायदा किया था, जिसे पूरा कर दिया है। 680 करोड़ रुपए की राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना के पहले चरण के तहत ई-टैक्सी योजना शुरू की गई है। राज्य सरकार ई-टैक्सी की खरीद के लिए युवाओं को 50 प्रतिशत सबसिडी भी प्रदान कर रही है तथा उन्हें निश्चित आय भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित करने के लिए भी राज्य सरकार आर्थिक मदद प्रदान करेगी और 25 वर्ष तक उनसे बिजली की खरीद करेगी। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक समृद्धि के लिए आगामी बजट में प्राकृतिक खेती पर आधारित निश्चित आय प्रदान करने वाली योजना लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डाॅ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना आरंभ की गई है, जिसके तहत विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए 20 लाख रुपए तक का ऋण एक प्रतिशत ब्याज पर उपलब्ध करवाया जा रहा है।

नादौन के साथ पूरे हिमाचल का एक समान हो रहा विकास : कैप्टन पृथ्वी चंद 
हमीरपुर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष एवं कांगड़ा सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आपदा के दौरान सशक्त नेतृत्व प्रदान किया तथा नीति आयोग व विश्व बैंक सहित अन्य कई प्रतिष्ठित संस्थाओं ने मुख्यमंत्री की नेतृत्व क्षमता की सराहना की। नादौन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद ने मुख्यमंत्री का नादौन विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर स्वागत करते हुए कहा कि सीएम सुक्खू के नेतृत्व में नादौन विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ पूरे हिमाचल का एक समान विकास हो रहा है। इससे पहले विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, पूर्व विधायक मनजीत डोगरा, प्रेम कौशल, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक डाॅ. आकृति शर्मा सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्तियों ने नादौन पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। धनेटा में विभिन्न संगठनों ने भी मुख्यमंत्री को सम्मानित किया।

आम आदमी की पीड़ा को समझने वाले नेता हैं सुक्खू : भारत भूषण
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता भारत भूषण ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आम आदमी की पीड़ा को समझने वाले नेता हैं और समाज की आखिरी पंक्ति के आखिरी व्यक्ति तक के कल्याण एवं उत्थान के लिए योजनाएं बना रहे हैं। मुख्यमंत्री के रूप में वह सच्चे जननायक बनकर उभरे हैं। भारत भूषण ने कहा कि एक सामान्य परिवार में जन्मे सुखविंदर सिंह सुक्खू छात्र संगठन एनएसयूआई के शीर्ष पद पर पहुंचे। इसके बाद वह युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे और प्रदेश कांग्रेस का नेतृत्व भी किया। तीनों संगठनों का सफलतापूर्वक नेतृत्व करने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू अब प्रदेश सरकार के शीर्ष पद को सुशोभित कर रहे हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay