CM सुक्खू ने खनियारा में किया न्यायमूर्ति मेहर चंद महाजन की प्रतिमा का अनावरण

Thursday, Jan 05, 2023 - 11:17 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीरवार धर्मशाला के खनियारा में सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मेहर चंद महाजन की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि न्यायमूर्ति महाजन सच्चे देशभक्त थे और जब भी हम इस प्रतिमा को देखेंगे, राष्ट्र के प्रति इनके योगदान को स्मरण करेंगे। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि राज्य का सपूत प्रदेश के गठन से पूर्व ही देश के एक उच्च पद पर आसीन हुआ। 

मुख्यमंत्री ने न्यायमूर्ति महाजन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि न्यायमूर्ति महाजन को तत्कालीन जम्मू-कश्मीर का प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया था। उन्होंने अक्तूबर 1947 में जम्मू-कश्मीर के भारत विलय में अग्रणी भूमिका निभाई थी। उन्हें भारत और पाकिस्तान की सीमाओं का निर्धारण करने के लिए नियुक्त रैडक्लिफ  कमीशन में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा नामित किया गया था। 

मुख्यमंत्री ने न्यायमूर्ति महाजन द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस विरासत को उनके पोते विवेक महाजन ने सीआईआई-एमसीएम बहु-कौशल प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से आगे बढ़ाया है। यह संस्थान धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। इस दौरान विधायक सुधीर शर्मा, न्यायमूर्ति मेहर चंद महाजन के पौत्र विवेक महाजन ने ट्रस्ट द्वारा की जा रही विभिन्न गतिविधियों से अवगत करवाया।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay