मुख्यमंत्री ने साधा भाजपा पर निशाना, कहा-धूमल जब भी CM बने मुझे झूठे मामलों में फंसाया

Sunday, Apr 16, 2017 - 07:56 PM (IST)

चम्बा: प्रेम कुमार धूमल जब मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने दोनों बार मुझे झूठे मामलों में फंसाया और दोनों बार मैंने सैशन ट्रायल का सामना किया और अदालत ने मुझे दोनों बार बरी किया। यहा बात मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने रविवार को डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र की पंचायत ठाकरी मट्टी में जनसभा में कही। उन्होंने कहा कि भाजपा का हमेशा यह काम करने का तरीका रहा है कि जब भी प्रदेश विधानसभा चुनाव नजदीक आते हैं तो वह मेरे खिलाफ झूठे मामलों के साथ-साथ मेरे खिलाफ दुष्प्रचार करके अपनी राजनीतिक इच्छापूर्ति को पूरा करने का प्रयास करती है लेकिन हर बार उसे मुंह की खानी पड़ती है। 

भाजपा करती है अग्रेंजों की नीति का अनुसरण
भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा के कुछ नेताओं के कहने पर कुछ केंद्रीय भाजपाई नेता उनके खिलाफ एक मामले को लेकर 3 जांच एजैंसियों के माध्यम से मामले साबित करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के साथ उनका महज राजनीतिक रिश्ता नहीं है बल्कि वह दिल से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि वह भाजपा की तरह झूठे वायदे करने में विश्वास नहीं करते हैं। भाजपा अग्रेंजों की बांटो और राज करो नीति का अनुसरण करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा जातिवाद व क्षेत्रवाद पर विश्वास करती है और उसने कभी भी बड़े स्तर पर लोगों के कल्याण के बारे नहीं सोचा। उन्होंने आह्वान किया कि लोगों को छोटी सोच वाले नेताओं के बहकावे में नहीं आना चाहिए। 

भाजपा को आलोचना करने का अधिकार नहीं
उन्होंने कहा कि भाजपा को धर्म और जाति के आधार पर किसी भी समुदाय के खिलाफ आलोचना करने का कोई अधिकार नहीं है। भारत एक धर्म निरपेक्ष देश है और हमेशा रहेगा। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए सभी धर्मों व सम्प्रदायों के लोगों ने बलिदान दिया है। इस मौके पर राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र भारद्वाज, जिला कांग्रेस वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमल ठाकुर, ठाकुरी मट्टी पंचायत प्रधान एवं जिला कांग्रेस महासचिव अमर चंद शर्मा, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष साहब सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष धर्म सिंह पठानिया, जिला मार्कीट कमेटी अध्यक्ष नीरज नैयर व डल्हौजी युकां अध्यक्ष अमित शर्मा आदि मौजूद रहे।