CM जयराम बोले-भारतीय सेना की वीरता व कार्यकुशलता का प्रतीक Surgical Strike

Saturday, Sep 29, 2018 - 09:46 PM (IST)

शिमला: भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में 2 वर्ष पूर्व आतंकियों के ठिकानों पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक विश्व में भारतीय सेना बल की वीरता व कार्यकुशलता को प्रदर्शित करती है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह बात रिज मैदान पर राज्य स्तरीय सर्जिकल स्ट्राइक दिवस समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक की कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए गए दृढ़ निर्णय के कारण ही संभव हो पाई है। भारत वर्तमान में दृढ़ राजनीतिक नेतृत्व के कारण पिछले कुछ वर्षों में विश्व में एक मजबूत आर्थिक व सेना शक्ति के रूप में उभरा है।

सेना की मदद से बचाई 3,000 से अधिक बहुमूल्य जानें
मुख्यमंत्री ने सेना बलों द्वारा शांति के समय विशेषकर आपदाओं के दौरान बचाव आप्रेशनों में निभाई गई भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुछ जिलों में भारी बर्फबारी में सुरक्षा बलों के त्वरित व कुशल कार्य संचालन के कारण 3,000 से अधिक बहुमूल्य जानें बचाई गईं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों द्वारा लाहौल-स्पीति तथा कुल्लू में भारी बर्फबारी में फंसे लगभग 250 पर्यटकों को हैलीकॉप्टर की सहायता से सुरक्षित निकाला गया। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति व विकास केवल तभी संभव है, जब राष्ट्र की सीमाएं सुरक्षित हों। वर्तमान सरकार सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों व युद्ध विधवाओं के कल्याण के लिए वचनबद्ध है। राज्य सरकार ने नॉन पैंशनर पूर्व सैनिकों और उनकी विधवाओं की मासिक पैंशन को 500 रुपए से बढ़ाकर 3,000 रुपए प्रतिमाह किया है।

शौर्य पुरस्कार विजेता व युद्ध विधवाओं को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शौर्य पुरस्कार विजेताओं व युद्ध विधवाओं को भी सम्मानित किया। कर्नल कर्मवीर सिंह पंवर तथा मेजर महावीर ने पाक अधिकृत कश्मीर में सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक पर प्रस्तुति दी। इस दौरान ए.वी.एस.एम. आर.ट्रैक के प्रमुख लैफ्टिनैंट जनरल राजीव सिरोही, नगर निगम शिमला की महापौर कुसुम सदरेट, उपमहापौर राकेश शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव बी.के. अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डा. श्रीकांत बाल्दी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव संजय कुंडू, जिलाधीश अमित कश्यप, सूचना एवं जन संपर्क निदेशक अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक ओमापति जम्वाल, भाजपा के वरिष्ठ नेता गणेश दत्त व अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

पड़ोसी देश के नापाक इरादों का दिया मुंहतोड़ जवाब
इस दौरान शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज और सांसद विरेंद्र कश्यप ने भारतीय सेना के वीर जवानों की वीरता के इतिहास व सर्जिकल स्ट्राइक पर रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि कुशल राजनीतिक नेतृत्व की दृढ़ इच्छाशक्ति के चलते भारतीय सैनिकों ने वीरता से पड़ोसी देश के नापाक इरादों का मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानियों ने जब भारतीय जवानों को मारा था तो वापस भारतीय जवानों ने सर्जिकल स्ट्राइक कर उनके जवानों को मार डाला था। शिक्षा मंत्री और सांसद ने सर्जिकल स्ट्राइक की सराहना की।

हथियारों से रू-ब-रू हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने सेना द्वारा लगाई गई हथियारों की प्रदर्शनी का भी दौरा किया, जिसमें राइफल, मशीनगन व मोर्टार प्रदर्शित किए गए थे। उन्होंने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के फील्ड आऊटरीच ब्यूरो द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री हथियारों से भी रू-ब-रू हुए।

Vijay