CM जयराम ने साधा निशाना, बोले-चुनाव लड़ने से घबराए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता

Thursday, Mar 28, 2019 - 10:27 PM (IST)

कलरी: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस अभी तक अपने प्रत्याशियों को घोषित नहीं कर पाई है। ऐसा इसलिए क्योंकि कांग्रेस इस बात से भलीभांति परिचित है कि इस बार भी चारों सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित है। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिला बिलासपुर के विधानसभा क्षेत्र घुमारवीं में आयोजित भाजपा महिला मोर्चा मंडल घुमारवीं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी लोकसभा चुनाव लड़ने से घबरा गए हैं। यही कारण है कि कांग्रेस पार्टी में टिकट को लेकर एक-दूसरे को धकेलने का काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने बेटियों एवं महिलाओं के सशक्तिकरण तथा उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए अनेक योजनाएं कार्यान्वित की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा विगत 5 वर्षों में नारी शक्ति के सम्मान स्वरूप कई योजनाएं चलाई गईं, जिनके सुखद परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा इसके लिए प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है ताकि सुरक्षित मातृत्व को सुनिश्चित बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा झूठ का सहारा लिया है और लोगों से झूठे वायदे कर उन्हें गुमराह करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि इसी कारण कांग्रेस आज 44 सीटों वाली पार्टी बनकर रह गई है और कोई भी कांग्रेस से टिकट लेने के लिए इच्छुक नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों के लिए जुझारू एवं कर्मठ नेता घोषित किए हैं। उन्होंने जनता से आग्रह करते हुए कहा कि देश की बागडोर पुन: मजबूत नेतृत्व को संभालने के लिए चारों सीटों पर भाजपा को भारी मतों से जीत दिलाएं। इस अवसर पर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर व अन्य उपस्थित रहे।

Vijay