CM जयराम ने कसा तंज, बोले-कांग्रेस को कुर्सी पाने के लिए करना पड़ेगा वर्षों इंतजार

Saturday, Dec 22, 2018 - 09:44 PM (IST)

हमीरपुर: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में अब कांग्रेस को कुर्सी पाने के लिए वर्षों इंतजार करना पड़ेगा। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस विपक्ष की भूमिका महज औपचारिकता के लिए निभा रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कुछ नहीं बचा है और सत्ता पाने के लिए विपक्ष तड़प रहा है। मुख्यमंत्री भोरंज विस क्षेत्र के कंज्याण में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मित्र शोर कर रहे हैं कि जयराम हैलीकॉप्टर में जाता है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि सी.एम. के लिए हैलीकॉप्टर किसकी सरकार ने लीज पर लिया था और शिमला से दिल्ली 5 वर्षों तक कौन हैलीकॉप्टर में घूमता रहा। उन्होंने कहा कि मैं हैलीकाप्टर में जनता के विकास के लिए घूम रहा हूं और हिमाचल के हित मेरे लिए सर्वोपरि हैं।

बाबुल की दुआएं लेती जा की तरह कांग्रेस करती है घोषणाएं

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में वीरभद्र सिंह ने 1-1 लाख रुपए का बजट स्वीकृत कर संस्थान खोले थे लेकिन हमारे महिला मंडल 5-5 लाख रुपए महिला मंडल भवनों के निर्माण के लिए मांग रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि बाबुल की दुआएं लेती जा की तरह कांग्रेस जाते-जाते घोषणाएं करती है लेकिन हम आते ही काम करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोगों को जनमंच से बड़ी तकलीफ हो रही है लेकिन कांग्रेस के लोग जनमंच की शोभा बने हुए हैं, वहीं दूसरी तरफ हमारे लोग जनमंच में लोगों के काम करवाते हैं। उन्होंने कहा कि जनमंच में पहुंचकर कांग्रेस के लोग कुर्सी पर बैठ जाते हैं, इससे पता चलता है कि कांग्रेस काम नहीं जनता को गुमराह करके सत्ता पाना चाहती है।

महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं में मिला बराबर का आरक्षण

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया, जिसके बाद देश के इतिहास में हिमाचल ऐसा पहला राज्य बनकर उभरा, जहां महिलाओं को बराबर का आरक्षण पंचायती राज संस्थाओं में मिला। उन्होंने जनसमूह में सैंकड़ों की तादाद में बैठी महिलाओं की तरफ इशारा करते हुए कहा कि सच में हिमाचल की महिलाओं का सशक्तिकरण हुआ है।

मुख्यमंत्री ने भोरंज को दिए करोड़ों के तोहफे  

भोरंज की विधायक कमलेश कुमारी ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने करीब 35 करोड़ रुपए के 9 उद्घाटन व शिलान्यास कर करोड़ों रुपए की सौगातें भोरंज विस क्षेत्र के लोगों को दी हैं। उन्होंने कहा कि भोरंज में आई.पी.एच. व लोक निर्माण विभाग का मंडल कार्यालय सहित भोरंज अस्पताल का दर्जा बढऩे के साथ बडैहर स्कूल को जमा-2 किया जाए। वहीं जाहू में पशु औषधालय व भोरंज बस अड्डे का निर्माण की घोषणा मुख्यमंत्री करें।

Vijay