CM बोले-मंत्रियों की परफॉर्मैंस के आधार पर हो सकता है Cabinet में फेरबदल

Tuesday, Apr 23, 2019 - 03:07 PM (IST)

नूरपुर (भूषण शर्मा): हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नूरपुर में पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि चुनावों के बाद सभी समीकरणों के साथ-साथ विधायकों की परफॉर्मैंस के आधार पर खाली होने वाले मंत्री पद को भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि मंत्रियों की परफॉर्मैंस के आधार पर मंत्रिमंडल में फेरबदल भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि चुनावों में विधायकों तथा मंत्रियों कि परफॉर्मेंस का पैरामीटर देखने के बाद सरकार स्वतंत्र होगी कि मंत्रिमंडल कैसा होगा, कौन विधायक शामिल होगा।

पूर्व मुख्यमंत्री प्रदेश के बुजुर्ग नेता, हम उनका करते हैं सम्मान

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बयान, जिसमें उन्होंने ‘‘जयराम तजुर्बा ले रहे हैं’’ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रदेश के बुजुर्ग नेता है, उनका सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि उनको 22 साल राजनीति में हो गए हैं। इस दौरान पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष भी रहे, मंत्री भी रहे, 5 बार विधायक भी रहे। तजुर्बा बयानबाजी से नहीं मिलता काम से मिलता है। अत: इन चुनावों में सरकार का काम प्रदेश की चारों सीटे जिताएगा।

प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति नाजुक

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति नाजुक है, जिसका उदाहरण है कि लोकसभा की प्रत्याशियों की घोषणा 3 चरणों में की है। उन्होंने कहा कि हार के डर के कारण बड़े नेता चुनावों से कन्नी काट गए हैं। कांग्रेस के बड़े नेता भांप गए हैं कि इस बार टिकट लेकर कोई फायदा नहीं, जीत भाजपा की सुनिशचित है।

सुखराम आए ही नहीं थे तो जाएंगे कहां

सुखराम और सुरेश चन्देल के कांग्रेस में जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सुखराम आए ही नहीं थे तो जाएंगे कहां। भाजपा की सदस्यता सिर्फ अनिल शर्मा ने ग्रहण की थी। इसलिए सुखराम उनके पिता होने के नाते उनके साथ खड़े थे। सुरेश चन्देल हमारी पार्टी के साथ थे,पार्टी से गए हैं इस बात का दुख जरूर है।

सुरेश चन्देल के बयान पर दिया ये जवाब

सुरेश चन्देल द्वारा कुछ भाजपा के बड़े नेता कुछ दिनों में पार्टी को छोड़ कांग्रेस में आने के बयान पर सी.एम. ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ये वो जानें परंतु हम इतना हीं कहेंगे कि कांग्रेस के नेता भी भाजपा में शामिल होने वाले हैं और कुछ हो रहे हैं।

Vijay