बिना नाम लिए CM का सुक्खू पर हमला, बोले-मौकापरस्त नहीं, कांग्रेस का सच्चा सिपाही हूं

Saturday, Sep 09, 2017 - 10:15 PM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने एक बार फिर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू पर अप्रत्यक्ष तौर पर निशाना साधा है। शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के घणाहट्टी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सुक्खू का नाम लिए बिना कहा कि अब पार्टी में नेता नामित होकर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी को प्रजातांत्रिक तरीके से संचालित किया जाना चाहिए और हमेशा नई भर्ती होती रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस का सच्चा सिपाही हूं, मौकापरस्त नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 100 साल से भी पुरानी पार्टी है, जिसके लिए बड़ी कुर्बानियां दी गई हैं, ऐसे में प्रजातांत्रिक तरीके से काम होना चाहिए। वे स्वयं 5 बार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रहे हैं, जिसमें से 4 बार चुनकर आए हैं। 

कांग्रेस में जिसकी लाठी उसकी भैंस वाली बात 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अंदर पहले सदस्य बनने से लेकर ब्लॉक, जिला व प्रदेश कार्यकारिणी के लिए चुनाव होते थे। इसी तरह हाईकमान व कांग्रेस वर्किंग कमेटी भी चुनाव से बनती थी। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस की मजबूती के लिए संगठन में चुनाव करवाए जाने के पक्षधर हैं, जिसकी लाठी उसकी भैंस वाली बात सही नहीं है। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ कांग्रेस की बात नहीं कर रहे हैं, अन्य दलों में भी यही स्थिति है, फिर भी हिमाचल प्रदेश में राजनीति का स्तर अन्य राज्यों के मुकाबले बेहतर है मगर राजनीति के स्तर को गिरने से रोकने के लिए कारगर कदम उठाने की आवश्यकता है।

देश और प्रदेश का हित नहीं कर सकते मौकापरस्त लोग 
उन्होंने कहा कि तालाब चाहे कितना भी बढ़ा क्यों न हो अगर उसमें पानी आने की व्यवस्था न हो तो गंदा हो जाता है। उन्होंने कहा कि मौकापरस्त लोग कभी भी देश और प्रदेश का हित नहीं कर सकते। लोकतंत्र में लोग काम देखकर ही वोट देते हैं, वह फिर पंचायत का चुनाव हो या लोकसभा का। महज भाषणबाजी से प्रभावित होकर वोट नहीं मिलते। इसके लिए बार-बार जनता के बीच जाकर उनका विश्वास जीतकर उनकी इच्छा के अनुरूप काम करना पड़ता है।