CM के गृह क्षेत्र के केसर सिंह बने हिमाचल स्कूल प्रवक्ता संघ के प्रधान

Monday, May 28, 2018 - 04:22 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश सैनी): कृषक सामुदायिक भवन के सभागार में हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ का राज्य स्तरीय अधिवेशन शांतिपूर्वक देर रात संपन्न हुआ। जिसमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह क्षेत्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थुनाग के अध्यापक केसर सिंह को सर्वसम्मति से संघ का प्रधान बनाया गया। जबकि जिला हमीरपुर के संजीव ठाकुर को महासचिव बनाया गया। संघ के इतिहास में पहली बार सर्वसम्मति से यह चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। इससे पूर्व संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अश्विनी, महासचिव सुरेंद्र ने राज्य कार्यकारिणी भंग करने की घोषणा की और वित्त सचिव मनोज धीमान ने गत 3 वर्षों के आय व्यय का ब्यौरा अधिवेशन के पदाधिकारियों के समक्ष पेश किया। 


इस अवसर पर जिला मंडी के पूर्व प्रधान कृष्ण भारती और संघ के राज्य महासचिव राजेंद्र ठाकुर के आकस्मिक निधन पर महासंघ के सभी पदाधिकारियों ने 2 मिनट का मौन रखा और उनकी आत्मिक शांति की भगवान से प्रार्थना की। इसके नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सिंह का कहना है कि संघ के इतिहास में पहली बार चुनाव सर्वसम्मति से हुए हैं। उन्होंने कहा कि इसका सारा श्रेय संघ के पदाधिकारियों और प्रदेश के मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व को जाता है। उन्होंने कहा है कि जल्द ही राज्य कार्यकारिणी का विस्तार करके संघ का एक प्रतिनिधिमंडल अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से मिलेगा। 


उन्होंने कहा कि संघ की पहली प्राथमिकता रहेगी कि पीजीटी से प्रवक्ता पदनाम को बहाल करवाया जाएगा। तदोपरांत महासंघ की सभी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर उनके समक्ष रखा जाएगा और संघ की सभी मांगों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने संघ को विश्वास दिलाया कि लंबित मांगों को पूरा करने में कोई कमी नहीं आने देंगे। इस मौके पर प्रदेश भर से 1000 के तकरीबन विभिन्न जिलों के डेलीगेटों ने इस महाअधिवेशन में भाग लिया। वहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के भी विधानसभा क्षेत्र से संघ के प्रदेश अध्यक्ष की कमान केसर सिंह को सौंपने पर सभी पदाधिकारियों ने प्राचीन वाद्य यंत्रों की धुनों पर कृषक सभागार के परिसर में नाटी डालकर के खूब धमाल मचाया और एक दूसरों को बधाई देकर जश्न मनाया। 
 
 

Ekta