BJP विधायक बोले- CM ने लाखों बेरोजगारों से किया धोखा, बस अपने बेटे को ही दिया रोजगार

Tuesday, Feb 28, 2017 - 10:34 AM (IST)

शिमला: विधानसभा में भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक और शिमला से विधायक सुरेश भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कौशल विकास के नाम पर अपने बेटे विक्रमादित्य सिंह को ही रोजगार दिया है। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि राज्य सरकार बेरोजगार युवाओं के स्थान पर रिटायर लोगों को रोजगार दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आऊटसोर्स पर नौकरी देने में भ्रष्टाचार हो रहा है और कांग्रेसी नेताओं की कंपनी से जुड़े लोगों को इससे लाभ पहुंचाया जा रहा है। सुरेश भारद्वाज यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने अपने 4 साल के कार्यकाल में बेरोजगार रिटायर लोगों को मुख्यमंत्री कार्यालय सहित अन्य स्थानों पर रोजगार दिया है। 


भाजपा इन सभी मुद्दों को विधानसभा में उठाएगी
उन्होंने कहा कि भाजपा इन सभी मुद्दों को विधानसभा में उठाएगी। आऊटसोर्स पर की जा रही नियुक्तियों पर सवाल उठाते हुए भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कंपनी के माध्यम से बिना साक्षात्कार के चहेते लोगों के नाम सरकारी कार्यालय को भेज रहे हैं। उन्होंने जानना चाहा कि आऊटसोर्स पर नियुक्ति का मापदंड क्या है? उन्होंने बेरोजगारी भत्ते के नाम पर युवाओं के साथ धोखा करने का आरोप लगाया। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि सरकार विचित्र स्थिति से चल रही है। जहां पर मैडीकल कालेज नहीं है, वहां पर मैडीकल यूनिवर्सिटी की घोषणा की जा रही है। उन्होंने कहा कि मैडीकल यूनिवर्सिटी आई.जी.एम.सी. शिमला या फिर टी.एम.सी. कांगड़ा में बननी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री ने विधानसभा में कहा था कि इसे आई.जी.एम.सी. शिमला में खोलने पर विचार किया जा रहा है।


कौशल विकास के नाम पर विक्रमादित्य को दिया रोजगार
भाजपा विधायक सुरेश भारद्वाज ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा आरोप लगाया कि कौशल विकास के नाम पर युवाओं को छला गया है। उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि कौशल विकास के नाम पर मुख्यमंत्री ने अपने पुत्र विक्रमादित्य सिंह को ही रोजगार दिया है। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह को कौशल विकास निगम के निदेशक मंडल का सदस्य बनाया गया है और अब वही इसको चला भी रहे हैं।