किशन उर्फ किशो के प्रचार में उतरे CM जयराम, सवा 2 लाख वोटों से जीतने का किया दावा

Tuesday, Mar 26, 2019 - 05:40 PM (IST)

बैजनाथ (कमल गुप्ता): आज महिलाएं कम सुविधाओं में बेहतर कार्य कर रही हैं और अपने परिवार का सहारा बन रही है। महिलाएं सभी परीक्षाओं में टॉप कर रही हैं। ये शब्द मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को कांगड़ा-चम्बा लोकसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार किशन कपूर के चुनाव का शंखनाद करने के लिए बैजनाथ में महिला सम्मेलन में खचाखच भरे पंडाल में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मेरी भी 2 बेटियां हैं लेकिन लोगों के मन से अभी भी यह बुराई निकल नहीं पा रही है।

भविष्य में किशो के नाम से पुकारे जाएंगे किशन कपूर

उन्होंने कहा कि शांता कुमार ने किशन कपूर का जो नाम किशो बोला है अब भविष्य में भी उन्हें इसी नाम से पुकारेंगे। उन्होंने शांता कुमार की तारीफ में कहा कि शांता कुमार का यह कहना कि अब मैं चुनावंनही लड़ूंगा लेकिन लड़वाने का मजा लूंगा से उन्हें बहुत खुशी मिली है। इस समय कुछ लोग टिकेट न मिलने के कारण नाराज हो कर घरों में बैठ गए हैं जबकि शांता घर से निकलकर पार्टी प्रत्याशी के लिए काम कर रहे हैं। पिछली बार शांता ने यह सीट एक लाख 70 हजार से ऊपर के वोटों से जीती थी जबकि इस बार यह मार्जिन सवा 2 लाख होना चाहिए।

मोदी ने देश को दिया बेहतर नेतृत्व

उन्होंने कहा कि मोदी ने देश को बेहतर नेतृत्व दिया है। मोदी ने विश्व पटल पर भारत का नाम रोशन किया है। पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक करके उन्होंने पाकिस्तान को बता दिया है कि भारत की क्या हैसियत है। विश्व पटल पर आज भारत की गिनती सबसे ताकतवर देश के रूप में होने लगी है। आज चीन भी भारत की कूटनीति के आगे सोचने पर मजबूर हो गया है। आज भारत को मजबूत और स्थिर सरकार चाहिए और वे मोदी ही दे सकते हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी प्रत्याशी को जितवाकर दिल्ली भेजेंगे।

बदले की भावना से काम करती है कांग्रेस

उन्होंने कहा कि कांग्रेस बदले की भावना से काम करती है और हमारी सरकार ने पहली कैबिनेट में बुजुर्गों के लिए पैंशन 1500 की तथा उनकी आयु भी 80 से 70 वर्ष की। ऐसी कई नई योजनाएं चलाई गई हैं। अभी हमने हिम केअर योजना के साथ सहारा योजना भी शुरू की है।

कांग्रेस को नहीं मिल रहे प्रत्याशी : शांता

इस मौके पर शांता कुमार ने कहा कि मैंने चुनाव लडऩा छोड़ा है नाकि चुनाव लड़वाना। जब तक सांस है राजनीति नही छोड़ूंगा। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं बल्कि उधार लेकर या लीज पर उम्मीदवार लिए जा रहे हैं। उन्होंने सुखराम का नाम लिए बिना कहा कि ऐसे लोग पर्यटक की तरह हैं और जैसे-जैसे मौसम करवट बदलता है वैसे ये लोग भी दिशा बदलते रहते हैं। उन्होंने किशन कपूर के लिए वोट मांगे तथा 2014 में मिली बढ़त को सवा 2 लाख तक ले जाने को कहा।

बैजनाथ की पावन धरती से शुरू किया अभियान : किशन कपूर

वहीं कांगड़ा-चम्बा लोकसभा के प्रत्यशी किशन कपूर ने कहा कि मैंने बैजनाथ की पावन धरती में भगवान शिव की पूजा की तथा यहां से अपना चुनावी अभियान शुरू कर दिया है। इसलिए मुझे आशीर्वाद तथा सहयोग दें ताकि एक बार फिर से दिल्ली में मोदी जी प्रधानमंत्री बनें। उन्होंने भी मोदी व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को बताकर लोगों के समक्ष रखा। इस दौरान बैजनाथ के विधायक मुलख राज प्रेमी व महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष इंदु गोस्वामी ने भी जनसभा को संबोधित किया।

100 लोगों ने थामा भाजपा का दामन

कार्यक्रम के अंत मे बैजनाथ चुनाव क्षेत्र से लगभग 100 लोगों ने भाजपा का दामन थामा, जिन्हें मुख्यमंत्री ने फूल मालाएं पहनकर स्वागत किया। इस अवसर पर नगरोटा के विधायक अरुण मेहरा (कूका), जयसिंहपुर के विधायक रवि धीमान, जोगिंदरनगर के विधायक प्रकाश राणा, जिलाधयक्ष विनय शर्मा व मंडलाध्यक्ष कर्ण जम्वाल आदि उपस्थित रहे।

Vijay