काम करने की बजाय शिलान्यास में व्यस्त रही पूर्व कांग्रेस सरकार : जयराम

punjabkesari.in Sunday, May 08, 2022 - 10:52 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि पूर्व कांग्रेस सरकार नई योजनाओं एवं कार्यक्रमों को शुरू करने की बजाय शिलान्यास करने में ही व्यस्त रही। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो ठप्प पड़े विकास कार्यों को आरंभ किया गया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार मिशन रिपीट के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। जयराम ठाकुर यहां होटल पीटरहॉफ में भाजपा राज्य मीडिया कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं व उपलब्धियों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए आधुनिक सूचना तकनीक का लाभ उठाया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने भाजपा के चुनावी दृष्टि पत्र को अपना नीतिगत दस्तावेज बनाते हुए इसमें किए गए सभी वायदों को पूरा किया है। इसके अलावा मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए नई योजनाएं और कार्यक्रमों को शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकत्र्ताओं को सरकार की उपलब्धियों के साथ संगठन के दृष्टिकोण को भी दक्षता के साथ आमजन के सामने प्रस्तुत करना चाहिए। प्रदेश महासचिव त्रिलोक जम्वाल, संगठन महामंत्री पवन राणा, राज्य मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा, प्रवक्ता राम कुमार, बलदेव तोमर, विनोद ठाकुर, अजय राणा और सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

भाजपा कार्यकर्ताओं की ताकत से डरती है कांग्रेस पार्टी : पात्रा
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा कार्यकर्ताओं की ताकत से डरती है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है, जिसके 18 करोड़ सदस्य हैं तथा 16 से अधिक राज्यों में उसकी सरकार है। इसमें 1,300 से अधिक पार्टी विधायक निर्वाचित होकर आए हैं। ऐसे में कांग्रेस पार्टी भाजपा की टीम का सामना नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि 4 राज्यों में अपनी सरकार बनाने के बाद हिमाचल प्रदेश में भाजपा मिशन रिपीट करेगी। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा राज्य मीडिया कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भाजपा की मीडिया टीम को टिप्स देते हुए कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देश में मुफ्त सिलैंडर, मुफ्त राशन और मुफ्त चिकित्सा सुविधा प्रदान की है। इसके अलावा वर्तमान सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है जबकि कांग्रेस कार्यकाल में करोड़ों के घोटाले बार-बार सामने आते रहे। राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव जेतली ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपनी सादगी के लिए जाने जाते हैं। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कहा कि इस कार्यशाला ने भाजपा के मीडिया प्रतिनिधियों को लाभान्वित किया है। कार्यशाला की अध्यक्षता राज्य मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा ने की। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News