कांग्रेस पिछले चार वर्षों से मुख्यमंत्री बदलने की ले रही चुटकी : जयराम

punjabkesari.in Thursday, Sep 16, 2021 - 09:34 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस करीब पिछले चार वर्षों से प्रदेश में मुख्यमंत्री बदलने को लेकर चुटकी ले रही है लेकिन नेतृत्वविहीन कांग्रेस को वर्ष 2022 में भी हार का सामना करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने यहां पुराने बस अड्डे पर जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2022 में भी उनके नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का उन्हें आशीर्वाद प्राप्त है। राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी थी उसे उन्होंने पूरी ईमानदारी के साथ पूरा किया है। वह अपने राष्ट्रीय नेताओं के भरोसे पर खरे उतरे हैं। जब भी वे दिल्ली जाते हैं या दिल्ली से आते हैं तो विपक्ष बातें करना शुरू कर देता है। सरकार को जनता का समर्थन प्राप्त है। मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल के विस्तार की संभावनाओं को भी पूरी तरह से नकार दिया है। उनका कहना है कि अब मंत्रिमंडल में कोई खाली स्थान नहीं बचा है।

कांग्रेस की आक्रोश रैली पर कसा तंज

उन्होंने कांग्रेस की आक्रोश रैली पर तंज कसते हुए कहा कि आक्रोश तो कांग्रेस के नेताओं में एक-दूसरे के प्रति भरा हुआ है। वह विधानसभा के अंदर कई बार यह आक्रोश देख चुके हैं। कभी एक नेता आगे होता है तो कभी दूसरा नेता आगे। इसी तरह की प्रतिस्पर्धा चली हुई है। कांग्रेस अब नेतृत्वविहीन हो चुकी है। इसके कारण कांग्रेस में बिखराव हो रहा है। हालत यह हो गई है कि देश में अब कांग्रेस कहीं नहीं दिख रही है। कांग्रेस अब प्रदेश में आक्रोश रैली निकाल रही है। क्या उनके समय में महंगाई नहीं थी? अब किसानों की याद आई है। किसानों के लिए कांग्रेस ने कभी कुछ नहीं किया। यदि देश में किसानों के हित के लिए किसी ने काम किया तो वह मोदी सरकार है। किसान सम्मान निधि योजना के तहत 6 हजार रुपए किसान के खाते में जमा हो रहे हैं।

कांग्रेस के मित्र बताएं, कोरोना काल में क्या किया

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कोरोना काल में सरकार द्वारा किए गए कार्यों को लेकर सवाल खड़े कर रही है। अब मैं अपने कांग्रेस के मित्रों से पूछना चाहता हूं कि आपने क्या किया? जब से हिमाचल बना है तब से अधिक समय तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ही रही। प्रदेश में ऑक्सीजन प्लांट केवल आईजीएमसी व टांडा मैडीकल कालेज में थे लेकिन उनकी सरकार में अभी तक 15 अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट चालू हो गए हैं। इस माह के अंत तक 28 अस्पतालों में यह प्लांट चालू हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि कोरोना की पहली लहर में प्रदेश में केवल 30 वैंटीलेटर थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश को 500 वैंटीलेटर प्रदान कर इस समस्या को दूर किया। वर्तमान में प्रदेश में वैंटीलेटर की संख्या 850 हो गई है।

जब से मुख्यमंत्री बना तब से कई परीक्षाओं के दौर से गुजरा

उन्होंने कहा कि वह जब से मुख्यमंत्री बने हैं तब से कई परीक्षाओं के दौर से गुजरे हैं और उनमें पास भी हुए हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा ने सभी 68 विधानसभा सीटों में बढ़त हासिल करने का इतिहास रचा। ऐसा न कांग्रेस की सरकार में हुआ और न ही उनसे पहले रही भाजपा की सरकार में हुआ। सभी सांसद रिकार्ड मतों से चुनाव जीते थे। इसके बाद भाजपा ने पच्छाद व धर्मशाला में हुए उपचुनाव को जीता। पंचायत, नगर परिषद व नगर निगम के साथ जिला परिषद के चुनाव को भी जीता। अब प्रदेश में मंडी संसदीय क्षेत्र के साथ 3 विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव को जीतकर इतिहास रचा जाएगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सहजल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. राजेश कश्यप ने भी जनता को सम्बोधित किया। इस मौके पर पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष रश्मिधर सूद, खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरुषोतम गुलेरिया, विधायक परमजीत पम्मी, भाजपा मंडलाध्यक्ष मदन ठाकुर, पवन गुप्ता, शैलेंद्र गुप्ता व भरत साहनी सहित कई नेता उपस्थित थे।

कांग्रेस ने केवल पत्थर ही लगाया

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोलन विश्राम गृह के निर्माण पर पूरे 8 करोड़ रुपए उनकी सरकार ने ही खर्च किए हैं। पूर्व कांग्रेस सरकार ने तो पत्थर लगाकर सर्किट हाऊस का काम छोड़ दिया था। कांग्रेस जब जाने वाली होती थी तो प्रदेश में इस प्रकार के शिलान्यास किया करती थी।

वर्चुअल उद्घाटन के दौरान गुल हुई बिजली

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सामने ही सोलन में बिजली व्यवस्था की पोल खुल गई। वर्चुअल उद्घाटन के दौरान ही लाइट चली गई। मुख्यमंत्री ने सोलन में विश्राम गृह का उद्घाटन करने के बाद वहीं पर मीटिंग हाल से अर्की, बिलासपुर व घुमारवीं अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट का वर्चुअल उद्घाटन किया। अभी अर्की से हिमको के अध्यक्ष रत्न पाल संबोधित कर रहे थे कि अचानक बिजली चली गई। जिला प्रशासन भी यह देखकर हैरान हो गया। हालांकि मुख्यमंत्री ने किसी को कुछ नहीं कहा, थोड़ी देर में बिजली भी आ गई।

अब अगली बार विधानसभा चुनाव जीता दो

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर नगर निगम चुनाव में भाजपा को मिली हार को लेकर बातों ही बातों में कार्यकर्ताओंं को भी खरी-खरी सुना गए। उन्होंने कहा कि थोड़ी कसर छोडऩे की सोलन की आदत ठीक नहीं है। विधानसभा चुनाव में करीब 600 वोटों से भाजपा हारी तो नगर निगम में एक सीट से हार मिली। सोलन का विकास उनकी सरकार द्वारा किया जा रहा है। इसलिए अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा को जिताएं और सोलन को आगे बढ़ाएं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News