नगर निगम में शामिल ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को 5 साल तक नहीं देना होगा कोई टैक्स : जयराम

Sunday, Mar 28, 2021 - 08:04 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि नगर निगम में शामिल किए गए ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को 5 वर्ष तक कोई टैक्स नहीं देना होगा। उन्होंने पूर्व में रही कांग्रेस सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि वह अपने शासनकाल में केवल शिमला व धर्मशाला को ही नगर निगम बनाने में ही कामयाब रही जबकि उन्होंने एक ही साल में 3 नगर निगम बना दिए। मुख्यमंत्री ने घोषणा पत्र भी जारी किया, जिसमें सोलन को विकास की दृष्टि आधुनिक शहर का वायदा किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब प्रदेश में सत्ता में लौटने के सपने भूल जाए।

कांग्रेस देती रही राग, सोलन को नगर निगम भाजपा ने दिया

रविवार को सोलन नगर निगम चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सबसे पहले कांगड़ा-हमीरपुर मैत्री सभा के सभागार व वार्ड नम्बर-14 में जनसभा करते हुए कहा कि कांग्रेस सोलन की जनता को नगर निगम का राग देती रही लेकिन सोलन को नगर निगम भाजपा ने दिया। कांग्रेस ने हिमाचल में 50 साल में शिमला के बाद धर्मशाला को नगर निगम बनाया जबकि भाजपा ने मात्र 39 माह के कार्यकाल में सोलन, मंडी व पालमपुर में नगर निगम बनाए और 412 नई ग्राम पंचायतों का गठन किया। प्रदेश में पिछले 15 वर्षों से एक भी नई पंचायत नहीं बनी थी लेकिन उनकी सरकार ने यह काम भी किया। इसके अलावा 3 विकास खंड बनाने के साथ-साथ 7 नई नगर पंचायतें भी बनाईं। कांग्रेस ने अपने लम्बे कार्यकाल में विकास की प्रक्रिया में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित बनाने के लिए न तो नई ग्राम पंचायतें बनाईं और न ही कोई नगर पंचायत का गठन किया। कांग्रेस अब पूरी तरह से दिशाहीन हो चुकी है और जनता को भ्रमित करने का काम करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग सोलन के उन ग्रामीणों को भड़काने का काम कर रहे हैं।

सोलन को क्लीन व ग्रीन के साथ्स आधुनिक शहर बनाएंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोलन को क्लीन व ग्रीन शहर ही नहीं बल्कि आधुनिक शहर बनाएंगे क्योंकि सोलन एक ऐसा शहर है जो हर जगह से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की तरह मनरेगा के माध्यम से जिस तरह घरद्वार रोजगार उपलब्ध करवाया जा रहा है उसी तर्ज पर नगर निगम क्षेत्र में शहरी आजीविका मिशन कार्यान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नए क्षेत्रों के लोगों की भूमि के अधिकार पूर्ववत ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि सोलन शहर के योजनाबद्ध विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। स्वच्छता, सौन्दर्य, उचित मल निकासी एवं आधुनिक अधोसंरचना पर इस मास्टर प्लान में विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने इस अवसर पर नगर निगम सोलन के लिए भाजपा का संकल्प पत्र भी जारी किया।

Content Writer

Vijay