कर्मचारियों के हितों की रक्षा को लेकर कभी पीछे नहीं हटेगी सरकार : जयराम

punjabkesari.in Wednesday, Jul 21, 2021 - 08:19 PM (IST)

शिमला (राक्टा): कर्मचारी किसी भी सरकार की रीढ़ होते हैं। सरकार की नीतियों तथा कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में वे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को ओकओवर में हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष अश्विनी ठाकुर के नेतृत्व में भेंट करने आए प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की उचित मांगों को समय-समय पर पूरा किया गया है। सरकार कठिन और जटिल परिस्थितियों में लगातार आगे बढ़ी और कोरोना महामारी के दौरे में भी विकास को थमने नहीं दिया है। कर्मचारियों के हितों के लिए भी काम किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में जितनी भी बाधाएं होंगी, रास्ता ढूंढ कर आगे बढऩे की कोशिश की जाएगी।

संकट के दौर में सरकार के साथ चट्टान की तरह खड़े रहे कर्मचारी

मुख्यमंत्री नेे कहा कि कोविड के चलते उत्पन्न हालातों को कर्मचारियों ने समझा तथा सब्र व संयम बनाए रखा। मांगों का समाधान हुआ या नहीं हुआ, कर्मचारी संकट के दौर में सरकार के साथ चट्टान की तरह खड़े रहे तथा सभी ने कोरोना से जारी जंग में अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की हितों की सुरक्षा के मामले में सरकार कभी पीछे नहीं हटेगी। कर्मचारी सरकार के स्तंभ होते हैं और उनके कंधों पर सरकार की नीतियां कार्यान्वित करने का दायित्व होता है। संघ के महासचिव राजेश शर्मा ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। करसोग के विधायक हीरा लाल तथा संघ के अन्य नेता भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

कर्मचारियों के साथ शीघ्र होगी बैठक

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शीघ्र ही कर्मचारियों के साथ बैठक करेगी ताकि उन्हें अपने मुद्दे उठाने का अवसर मिल सके। उन्होंने संघ को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार कर्मचारियों के उचित मुद्दों का सौहार्दपूर्ण तरीके से निवारण करने का प्रयास करेगी। उन्होंने कर्मचारियों से निष्ठा और प्रतिबद्धता से कार्य करने का आग्रह किया, ताकि हिमाचल को देश का आदर्श राज्य बनाया जा सके।  

ढोल-नगाड़ों के साथ सीएम से मिलने पहुंचा प्रतिनिधिमंडल

अश्विनी ठाकुर के महासंघ को मान्यता देने के बाद अराजपत्रित कर्मचारियों का प्रतिनिधिमंडल ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री से मिलने ओकओवर पहुंचा। इस दौरान मुख्यमंत्री का आभार जताया। गौर हो कि प्रदेश के महासंघ के अलग-अलग समानांतर गुट सक्रिय थे, ऐसे में अब सरकार से मान्यता मिलने के बाद अश्विनी ठाकुर की टीम आगामीरूपरेखा तैयार करने में जुट गई है।

कर्मचारी देंगे सरकार का पूरा सहयोग : अश्विनी ठाकुर

हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अश्विनी ठाकुर ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि राज्य में संपूर्ण एवं संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों द्वारा उन्हें पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से जेसीसी की बैठक को बुलाने का भी आग्रह किया ताकि कर्मचारी अपने विभिन्न मुद्दे एवं मांगें सरकार के समक्ष रख सकें। उन्होंने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि जल्द ही प्रदेश और जिला स्तर पर कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। इसके साथ ही सभी से विचार-विमर्श कर डिमांड चार्टर तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से कर्मचारियों ही मांगों को सरकार से मनवाने के प्रयास किए जाएंगे।

सरकार के रवैये पर पैंशनरों ने व्यक्त किया रोष

उधर, हिमाचल प्रदेश पैंशनर्ज वैल्फेयर एसोसिएशन ने सरकार के रवैये पर रोष व्यक्त किया है। यहां जारी बयान में एसोसिएशन के प्रधान एचआर वशिष्ठ और महासचिव हरि चंद गुप्ता ने संयुक्त बयान में कहा है कि पैंशनरों की मांगों को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। कहा गया है कि सरकार पैंशनर्ज की समस्याओं और मांगों के समाधान को प्रस्तावित जेसीसी का शीघ्र गठन करे। आशा जताई गई है कि सरकार पैंशनरों को उम्र के इस पड़ाव में संघर्ष करने के लिए विवश नहीं करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News