हिमाचल में छठे वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने का होगा प्रयास : जयराम

punjabkesari.in Tuesday, Jul 20, 2021 - 10:44 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि पंजाब की तर्ज पर राज्य सरकार छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से गठित कमेटी इन सिफारिशों की पड़ताल कर रही है, उसके बाद ही देनदारियों को चरणबद्ध तरीके से अदा करने का निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री यहां सायं पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।

केंद्र सरकार पर जासूसी के आरोप राजनीति से प्रेरित

उन्होंने विपक्ष की तरफ से केंद्र सरकार पर जासूसी करने के आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि संसद के मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल सोची-समझी रणनीति के तहत ये मामले उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का खुद का इतिहास फोन टैपिंग का रहा है। यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान कई मामले सामने आए हैं, जब सारे नियमों को ताक पर रखकर फोन टैपिंग की गई। इस तरह केंद्र सरकार पर जासूसी के आरोप निराधार और तथ्यों के विपरीत हैं, जिसकी वह निंदा करते हैं।

2 दिन में लगाए जाएंगे 11 लाख पौधे

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने निरमंड के कूपरधार में रुद्राक्ष का पौधा रोपकर 72वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस वर्षा ऋतु में सरकार द्वारा वन विभाग के सौजन्य से पूरे प्रदेश में कुल 1 करोड़ 40 लाख पौधे रोपे जाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके तहत अगले 2 दिनों में प्रदेशभर में 11 लाख पौधे रोपे जाएंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल राज्य के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हिमाचल की सभी पंचायतों में वार्ड स्तर पर 51-51 पौधे प्रति वार्ड के हिसाब से रोपे जाएंगे।

हिमाचल के 50 वर्ष पूरे होने पर हर वार्ड में रोपे जाएंगे 51 पौधे

उन्होंने बताया हिमाचल राज्य के 50 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशभर की सभी पंचायतों के 8,700 वार्डों में हर वार्ड में 51 पौधे रोपे जाएंगे। इसके अलावा रैडक्रॉस भी एक लाख पौधे रोप कर भागीदारी निभा रहा है। उन्होंने अपने संबोधन में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह को भी याद किया और उनके निधन को प्रदेश की राजनीति के लिए एक बहुत बड़ी क्षति बताया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News