जल जीवन मिशन के तहत अगस्त, 2022 तक हिमाचल के सभी घरों में उपलब्ध होंगे नल : जयराम

punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2020 - 04:43 PM (IST)

शिमला (योगराज): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को जल जीवन मिशन की समीक्षा हेतु आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आरम्भ जल जीवन मिशन का उद्देश्य न केवल सभी घरों को नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना है बल्कि स्थानीय जल स्रोतों के उचित प्रबंधन को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने कहा कि राज्य में जल जीवन मिशन के शुभारंभ के समय प्रदेश के लगभग 57 प्रतिशत घरों को कवर किया जा चुका था।

31 अगस्त, 2022 तक 16,68,523 घरों में उपलब्ध करवाएंगे पेयजल

उन्होंने कहा कि योजना का फोकस पेयजल आपूर्ति लाइनों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करके 31 अगस्त, 2022 तक सभी 16,68,523 घरों में नल के माध्यम से पेयजल उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि 1 अप्रैल, 2020 तक लगभग 7,47,794 घरों को घरेलू नल कनैक्शन दिए गए हैं और इस वित्तीय वर्ष के दौरान 2,44,351 घरों को पानी के कनैक्शन उपलब्ध करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

राज्य को वर्ष 2019-20 में मिले 228.67 करोड रुपए

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत राज्य को वर्ष 2019-20 के दौरान 228.67 करोड रुपए प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन को सफल बनाने के लिए प्रदेश को 1 अप्रैल, 2020 से 31 मार्च, 2021 तक 1710 करोड़ रुपए, 1 अप्रैल, 2021 से 31 मार्च, 2022 तक 1531 करोड़ रुपए के अलावा 1 अप्रैल, 2022 से 31 अगस्त, 2022 तक 1030 करोड़ रुपए की आवश्यकता है ताकि निर्धारित लक्ष्य को समय पर प्राप्त किया जा सके।

1000 करोड़ की 306 योजनाओं की डीपीआर हो रही तैयार

उन्होंने कहा कि वर्ष 2019-20 से पहले 132 योजनाओं के लिए 130.32 करोड़ रुपए दिए गए हैं जबकि 838.9 करोड रुपए की 223 योजनाएं 2019-20 के दौरान 15 मार्च, 2020 तक अवार्ड की गई हैं। उन्होंने कहा कि 392.83 करोड़ रुपए की 61 योजनाओं के लिए टैंडर प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि लगभग 1000 करोड़ रुपए की लागत वाली 306 योजनाओं की डीपीआर तैयार की जा रही है।

नल कनैक्शनों का दायरा 56.27 से बढ़कर 68.22 प्रतिशत हुआ

उन्होंने कहा कि इस योजना के शुरू होने के बाद राज्य में घरों के नल कनैक्शनों का दायरा 56.27 प्रतिशत से बढ़कर 68.22 प्रतिशत हो गया है, जिसमें 11.95 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है जो राष्ट्रीय औसत की तुलना में 3.63 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने राज्य के ‘ओवर ऑल’ प्रदर्शन की सराहना की है और राज्य को केंद्र सरकार से 57 करोड़ रुपए प्रोत्साहन स्वरूप अतिरिक्त अनुदान प्राप्त हुआ है।

3 स्तर पर दिए जाएंगे घरेलू नल कनैक्शन : महेंद्र ठाकुर

जल शक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि घरेलू नल कनैक्शन 3 स्तर पर दिए जाएंगे जिसमें रसोईघर, स्नान और कपड़े धोने के लिए और शौचालय शामिल है। उन्होंने कहा कि घरेलू नल कनैक्शन लगाने के लिए लाभार्थियों से केवल 100 रुपए का योगदान लिया जाएगा। सचिव जल शक्ति विभाग डॉ. आरएन बत्ता ने जल जीवन मिशन के बारे में विस्तृत जानकारी दी। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव रामसुभग सिंह और मनोज कुमार, प्रधान सचिव वित्त प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुंडू, निदेशक ग्रामीण विकास ललित जैन, ईएनसी नवीन पुरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News