नगर निगम के गठन का साहस नहीं कर सकी, अब जिला बनाने का शगूफा छोड़ रही कांग्रेस : जयराम

Wednesday, Mar 31, 2021 - 09:14 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार ने तय किया कि नवगठित नगर निगमों में शामिल क्षेत्रों में 5 वर्ष की अवधि तक कोई नया कर नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले सरकार ने तय किया था कि 3 वर्ष तक नगर निगम के परिधि में शामिल क्षेत्रों में किसी प्रकार का कर नहीं लगाया जाएगा परंतु लोगों के सुझाव के बाद इस अवधि को 5 वर्ष करना तय किया गया है। पालमपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के राजस्व तथा जद्दी हक-हकूक यथावत बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा के तर्ज पर शहरी क्षेत्रों में गत वर्ष लॉकडाऊन के दौरान शहरी आजीविका योजना आरंभ की गई है ताकि शहरी क्षेत्रों के लोगों को भी गारंटी रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी नगर निगम के गठन का साहस नहीं कर सकी परंतु अब जिला बनाने का शगूफा छोड़ रही है वह भी तब जब न केंद्र न ही प्रदेश में सत्ता में है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जब पालमपुर में नगर निगम के गठन की बात चल रही थी तो उस समय कांग्रेस के नेता शहर में एक भाषा बोल रहे थे तथा गांव में जाकर दूसरी भाषा बोल रहे थे।

जो ग्रामीण क्षेत्र नगर निगम से बाहर जाना चाहते हैं इस पर होगा विचार

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि नवगठित तीन नगर निगमों में सबसे अधिक विकास की संभावना पालमपुर में है क्योंकि पालमपुर नगर निगम क्षेत्र में सबसे अधिक ग्रामीण क्षेत्र को शामिल किया गया है। ऐसे में मास्टर प्लान तैयार कर इस क्षेत्र का विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर नगर निगम में शामिल उन ग्रामीण क्षेत्रों जो नगर निगम के दायरे से बाहर होना चाहते हैं, को बाहर करने पर भी सरकार गंभीरता से विचार करेगी।

कोविड-19 के बढ़ते मामलों की स्थिति की पुन: समीक्षा होगी

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 के बढ़ते मामलों के दृष्टिगत सरकार सारी स्थिति की पुन: समीक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि 4 अप्रैल तक सभी स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है। स्थिति को आने वाले दिनों में रिव्यू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों तथा एसओपी की अनुपालना को सुनिश्चित बनाने के लिए सख्ती बरतने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि इस बात का ध्यान रखा जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था प्रभावित न हो। हिमाचल पर्यटन राज्य है परंतु गत वर्ष कोविड-19 के कारण पर्यटन पूरी तरह से प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार सारी स्थिति पर नजर रखे हुए है तथा जो भी आवश्यक पद होंगे उन्हें उठाया जाएगा। कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान ज्वालामुखी में कथित टैक्सी घोटाले को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि तथ्यों की जांच की जा रही है तथा जो भी वास्तविकता सामने आएगी उसी के आधार पर आगामी पग उठाया जाएगा।

फोरलेन भू अधिग्रहण की प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाएगा

ठानकोट-मंडी फोरलेन को लेकर पूछे प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि भू अधिग्रहण अपने आप में एक कठिन कार्य है। उन्होंने कहा कि बहुत से मामले कानूनी पेंच में उलझ जाते हैं इसके बावजूद सरकार तेजी से भू अधिग्रहण की प्रक्रिया को पूरा कर रही है, जिसके पश्चात आगामी कार्य आरंभ किया जाएगा।

Content Writer

Vijay