चुनौतियों के बाद भी हिमाचल में नहीं थमने दिया विकास : जयराम

Saturday, Sep 17, 2022 - 12:02 AM (IST)

बंजार/कुल्लू (लक्ष्मण/ब्यूरो): स्थापना के 75 वर्ष समारोहों का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। ये कार्यक्रम केवल हिमाचल प्रदेश के 75 वर्ष की गौरवमयी यात्रा और इसे देश का अग्रणी राज्य बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए ही आयोजित किए जा रहे हैं। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कही। बंजार विधानसभा क्षेत्र के मेला ग्राऊंड में जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के चहुंमुखी विकास में डाॅ. वाईएस परमार, राम लाल ठाकुर, शांता कुमार, वीरभद्र सिंह और प्रेम कुमार धूमल सहित सभी मुख्यमंत्रियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार को लगभग 2 वर्षों तक वैश्विक महामारी कोरोना के दौरान कार्य करने की चुनौती से भी जूझना पड़ा। जयराम ठाकुर ने कहा कि उनसे पहले के 5 मुख्यमंत्रियों को ऐसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा कि तमाम चुनौतियों के बावजूद प्रदेश सरकार ने हिमाचल का विकास थमने नहीं दिया। जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकारों की बदौलत प्रदेश में विकास की गति तीव्र हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का ‘रिवाज बदलेगा’ नारा कांग्रेस नेताओं को रास नहीं आ रहा है और कांग्रेस विधायक यहां तक दावा कर रहे थे कि जब वीरभद्र सिंह जैसे बड़े नेता यह उपलब्धि हासिल नहीं कर सके तो एक साधारण मुख्यमंत्री इसे कैसे हासिल करेंगे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay