CM जयराम ने दिए संकेत, BJP उपचुनाव के लिए नवरात्रों में घोषित करेगी उम्मीदवारों के नाम

punjabkesari.in Wednesday, Sep 29, 2021 - 05:15 PM (IST)

करसोग (धर्मवीर गौतम): हिमाचल में उपचुनाव की घोषणा होते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं, ऐसे में भाजपा नवरात्रों के आरम्भ में ही उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने गांव को जाते हुए ये संकेत दिए हैं। मुख्यमंत्री प्रदेश में उपचुनाव के लिए आचार संहिता लगते ही अपने घर तांदी के लिए रवाना हो गए हैं। निजी दौरे पर वह अब माता शिकारी देवी के दर्शन करेंगे और उसके बाद उपचुनाव के प्रचार का आगाज होगा। अपने इस दौरे के दौरान वह सराज क्षेत्र में बैठकों की अध्यक्षता भी करेंगे।

बुधवार को मुख्यमंत्री शिमला से अपने काफिले के साथ करसोग से होते हुए अपने घर तांदी के लिए रवाना हुए। यहां पहुंचने के बाद उनका माता शिकारी देवी के मंदिर जाने का भी कार्यक्रम है। करसोग में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि माता शिकारी देवी के दर्शन करने के बाद वह चुनावी प्रक्रिया में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि शिकारी देवी पर्यटकों के लिए एक अहम धार्मिक पर्यटन स्थल है।

उम्मीदवारों की घोषणा के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रों तक उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। चुनाव में सशक्त उम्मीदवारों को ही मैदान में उतारा जाएगा। संभावना है कि 6 अक्‍तूबर तक प्रत्‍याशी घोषित हो जाएं। बता दें कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सीएम बनने के बाद पहली बार माता शिकारी देवी के दर्शन के लिए जाएंगे। इस कार्यक्रम के लिए डीसी मंडी पहले ही मंदिर कमेटी के साथ मिलकर तैयारी कर चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री 30 सितम्बर व पहली अक्तूबर को भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति बनाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News