‘ग्राम सभा से विधानसभा तक’ के नए नारे के साथ काम करेगी भाजपा : जयराम

Wednesday, Feb 17, 2021 - 09:36 PM (IST)

धर्मशाला (जिनेश): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पिछले 3 साल में कांग्रेस के पास कोई भी स्थिर मुद्दा सरकार के खिलाफ नहीं है, आज हमारी सरकार पारदर्शी रूप से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर में भारतीय जनता पार्टी ग्राम सभा से विधानसभा तक के नए नारे के साथ काम करेगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षक बनने से पहले प्रशिक्षण लेना अनिवार्य है और सिखाने से पहले सीखना आवश्यक है यह पद्धति केवल भाजपा में है। उन्होंने कहा कि अब भी सरकार एवं संगठन हर स्तर पर मेहनत करेगा और आने वाले समय में और ज्यादा सुदृढ़ बनेगी।

सीएम धर्मशाला में भाजपा द्वारा आयोजित प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सरकार के  प्रथम 3 साल और भाजपा सरकार के 3 साल की तुलना की जाए तो विकास कार्यों के हिसाब से कांग्रेस ने 3 साल में 13300 करोड़ रुपए खर्चे थे लेकिन भाजपा ने 21300 करोड़ रुपए जोकि लगभग दो गुना है। इसमें महत्वपूर्ण बात यह है कि पिछले 1 वर्ष में कोविड-19 महामारी में व्यर्थ चला गया है, हमें केवल 2 वर्ष का कार्यकाल मिला है। प्रशिक्षण शिविर की अध्यक्षता भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने की।

मुख्यमंत्री ने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को एक सुदृढ़ टोली की तरह काम करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिविर को प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, कुलदीप चंद राठौर, नाहन से विधायक राजीव बिंदल, स्वास्थ्य मंत्री राजीव सहजल व प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने भी संबोधित किया।

Content Writer

Vijay