सीएम जयराम ने डल्हौजी में किए 166 करोड़ की योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास

Friday, Apr 15, 2022 - 10:16 PM (IST)

लचोड़ी में आदर्श विद्यालय, भलेरा में पीएचसी खोलने की घोषणा
डल्हौजी (शमशेर):
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को चम्बा जिला के डल्हौजी में 166 करोड़ रुपए लागत की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण और आधारशिलाएं रखीं। इस मौके पर आयोजित जनसभा में उन्होंने लचोड़ी में अटल आदर्श विद्यालय खोलने, टप्पर, नदाकल, किलोड़ और लबाना डेरा में स्वास्थ्य उप केंद्र खोलने व गांव भलेरा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय लक्कड़मंडी और अदवास को राजकीय माध्यमिक विद्यालय में स्तरोन्नत करने राजकीय उच्च विद्यालय पुखरी और सरार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्तरोन्नत करने, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भांदल में विज्ञान कक्षाएं आरंभ करने, कलोह में प्राथमिक विद्यालय खोलने, प्रियूंगल, झोडका और सकोरा के माध्यमिक विद्यालयों को उच्च विद्यालयों में स्तरोन्नत करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि नगर परिषद डल्हौजी क्षेत्र की सड़कों का रख-रखाव एवं उनको पक्का करने का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा डल्हौजी में आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। 

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-2 के तहत 8.05 करोड़ रुपए की लागत से बास्सा से नराल सड़क के सुधार कार्य, 1.50 करोड़ रुपए से मैड़ा-जखराल सड़क पर सियुल नदी पर निर्मित 40 मीटर लम्बे पुल, 1.11 करोड़ रुपए की लागत से कैंथली-भिदरोह सड़क पर भिदरोह नाला पर निर्मित 15 मीटर लम्बे पुल, 5.93 करोड़ रुपए से बाथरी में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन तथा 1.10 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित नागरिक अस्पताल डल्हौजी में 400 एलपीएम पीएसए प्लांट का उद्घाटन किया। इसके साथ ही 29.59 करोड़ रुपए से डल्हौजी व भटियात तहसीलों की शेरपुर, मनोला, बाथरी, पुखरी, बनीखेत, बलेरा, गंदाना, जियूंता, बेली, मैल, चुन, समेलो, बाथधार और नागली ग्राम पंचायतों के लिए विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं के संवर्धन कार्य का शिलान्यास किया। इसके अलावा 10 करोड़ रुपए की सलूणी तहसील की भांदल, किहार तथा स्नूह पंचायतों की विभिन्न बस्तियों के लिए उठाऊ जलापूर्ति योजना, 9.13 करोड़ रुपए की ग्राम पंचायत किलोड़ और सलूणी पंचायतों के लिए विभिन्न बस्तियों विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं के स्रोतों के सुदृढ़ीकरण कार्य तथा 4.25 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले सलूणी तहसील की विभिन्न पंचायतों जैसे लिग्गा, खराल, दरेकरी आदि उठाऊ जलापूर्ति योजनाओं की आधारशिला रखी। सांसद किशन कपूर ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने प्रदेश का तेजी से विकास सुनिश्चित किया है। 

एपीएमसी अध्यक्ष डीएस ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र में 166 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं आधारशिला रखने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने पूर्व निर्वाचन क्षेत्र के दौरे के दौरान डल्हौजी शहर के लिए लगभग 65 करोड़ रुपए की जलापूर्ति योजना का शिलान्यास किया था। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी जलापूर्ति योजना पर काम शुरू कर दिया गया है, जिससे इस पर्यटन शहर की पानी की समस्या के समाधान में सहायता प्राप्त होगी। उन्होंने क्षेत्र की विकासात्मक मांगों की भी विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, मुख्य सचेतक विक्रम जरयाल, अनुसूचित जाति एवं जनजाति निगम के उपाध्यक्ष जय सिंह, पूर्व विधायक रेणु चड्ढा, डल्हौजी मंडल भाजपा अध्यक्ष विजय ठाकुर व डीसी दुनी चंद राणा भी उपस्थित थे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay