प्रदेश में बिखरी हुई कांग्रेस कर रही अनावश्यक मुद्दे उछालने का काम : जयराम

Saturday, Mar 27, 2021 - 08:42 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि देश व प्रदेश मौजूदा समय में कोरोना के कारण विकट परिस्थिति से गुजर रहा है जिसके चलते संभलकर चलने की जरूरत है। स्वारघाट में पंचायत प्रतिनिधि सम्मान सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 के कारण प्रदेश सरकार को केवल 2 वर्ष ही काम करने का मौका मिला। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी दल के नेता कहते हैं कि प्रदेश में कुछ हुआ ही नहीं। यदि कुछ हुआ ही नहीं तो आज कांग्रेस की यह हालत कैसे हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश प्रभारी भी कह चुके हैं कि प्रदेश में कांग्रेस की हालत खस्ता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने लॉकडाऊन के दौरान बाहरी राज्यों में फंसे लगभग अढ़ाई लाख युवाओं की प्रदेश वापसी सुनिश्चित की लेकिन कांग्रेस प्रदेश सरकार पर कोरोना फैलाने का आरोप लगाती रही जो उनकी संकुचित मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सुर्खियों में बने रहने के लिए अनावश्यक मुद्दे उछाल रही है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को आगाह करते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद स्वयं को नेता समझने की भूल न करें और लोगों के हिसाब से काम करें।

उन्होंने कहा कि कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते आवश्यक है कि प्रत्येक व्यक्ति फेस मास्क का उपयोग करे और उचित दूरी बनाए रखे। उन्होंने कहा कि देश में वैंटिलेटर पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नहीं थे लेकिन आज देश प्रतिदिन लगभग 5 लाख पीपीई किट्स तैयार कर विभिन्न देशों को भी निर्यात कर रहा है। केंद्र ने प्रदेश को 500 वैंटिलेटर भी प्रदान किए हैं। इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, सदर विधायक सुभाष ठाकुर, झंडूता के विधायक जीत राम कटवाल, प्रदेश भाजपा मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा व जिला मीडिया प्रभारी सोनल शर्मा भी मौजूद रहे।

Content Writer

Vijay