अनुराग व जयराम ने अम्ब को दी 200 करोड़ की सौगात, आप और कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना

punjabkesari.in Saturday, Apr 02, 2022 - 04:52 PM (IST)

ऊना (अमित): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर एकदिवसीय प्रवास के दौरान चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के अम्ब पहुंचे। इस मौके पर स्थानीय विधायक बलबीर सिंह चौधरी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री का जोरदार स्वागत किया। उपमंडल मुख्यालय के मुख्य चौक से सभा स्थल तक मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री को खुली जीप में बैंड-बाजे के साथ लाया गया। दोनों नेताओं ने विधानसभा क्षेत्र में कुल 199.52 करोड़ रुपए की 33 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए। शिलान्यास व उद्घाटन करने के उपरांत मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अम्ब के मैदान में जनसभा को संबोधित किया।
PunjabKesari,  BJP Leaders Image

 इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में यह चुनावी साल है और चुनाव के दिनों में इस तरह के छिटपुट दल अक्सर निकल कर सामने आते रहते हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी की तुलना बरसाती मेंढक से करते हुए कहा कि हाल ही में हुए चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के अधिकांश प्रत्याशी जमानत तक जब्त करवा बैठे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी धीरे-धीरे देश से सिमटती जा रही है। जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 4 राज्यों में भाजपा की सरकार रिपीट हुई है उसी प्रकार इस साल के अंत में हिमाचल में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा एक बार फिर सत्ता की बागडोर संभालेगी।
PunjabKesari, BJP Leaders Image

वहीं जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि देश भर के 5 राज्य में हुए विधानसभा चुनाव से पहले हिमाचल के कांग्रेस नेता प्रचंड बहुमत से सरकार बनने के दावे करते नहीं थकते थे लेकिन चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद हिमाचल विधानसभा में कांग्रेस के नेता नजर मिलाने से कतराते दिखाई दिए। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे भी भाजपा के ही पक्ष में आने वाले हैं। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News