कांग्रेस के गले में बज रही झूठी गारंटी की घंटी : जयराम

Wednesday, Nov 09, 2022 - 09:10 PM (IST)

कुल्लू/मंडी (ब्यूरो): इस बार के चुनाव में कांग्रेस के गले में झूठी गारंटी की घंटी बज रही है। प्रदेश की जनता पहले ही समझ चुकी है कि कांग्रेस सिर्फ झूठ बोलकर वोट हथियाने की राजनीति करती है जबकि भाजपा जो कहती है, उसे करके दिखाती है। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कुल्लू के ढालपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इसके बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी जिले के नाचन विधानसभा क्षेत्र के गोहर में जनसभा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले अपना सीएम चेहरा तय करे, फिर चुनाव लड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस झूठ के सहारे सत्ता में आना चाहती है लेकिन मैं उन्हें बता दूं कि झूठ की गारंटी से सफलता नहीं मिलती। पूर्व की कांग्रेस सरकार में केंद्र से हजारों करोड़ों रुपए की मदद हिमाचल के लिए की गई लेकिन उसे खर्च नहीं किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार की नीतियों और योजनाओं से आज हिमाचल का चहुंमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा ने संकल्प पत्र में महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है, उसे हम पूरा करेंगे। 

कांग्रेस ने हिमाचल का हक छीना
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हिमाचल को बड़े प्रोजैक्ट केंद्र से मिले हैं। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तो हिमाचल को देने की बजाय उसके हक को छीना गया। आज भाजपा सरकार में हिमाचल को कदम-कदम पर केंद्र का सहयोग मिला है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 

Content Writer

Vijay