CM जयराम ने साधा निशाना, बोले-कांग्रेस चाहे हाईकोर्ट जाए, चाहे सुप्रीम कोर्ट

Tuesday, Sep 06, 2022 - 11:23 PM (IST)

गग्गल (अनजान): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस द्वारा अमृत महोत्सव कार्यक्रमों के आयोजन में सरकारी धन के दुरुपयोग के लगाए जा रहे आरोपों और कोर्ट में जाने की बात पर कहा है कि विपक्षी दल कहीं भी जा सकता है। वह चाहे हाईकोर्ट जाए या सुप्रीम कोर्ट। गग्गल स्थित कांगड़ा एयरपोर्ट में मीडिया कर्मियों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पूरे देश में बुरे हालात हैं। जिस दौर से कांग्रेस गुजर रही है, पहले वह खुद को संभाले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बौखलाहट में सरकार के कार्यक्रमों पर सवाल उठा रही है। डरोह पुलिस ट्रेनिंग सैंटर में गोली लगने से घायल हुए जवान के बारे सीएम ने कहा कि जवान की हालत स्थिर है। अगर कोई जरूरत पड़ी तो सरकार उसकी हरसंभव सहायता करेगी। इस मौके पर कांगड़ा के विधायक पवन काजल, जिला परिषद अध्यक्ष रमेश बराड़, मुख्यमंत्री के मीडिया को-ऑर्डीनेटर विश्वचक्षु के अलावा प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेे।

महंगाई पर भड़काने वालों को यह भी नहीं पता कि आटा किलो में या लीटर में
इसके बाद ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र में 75वें आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम मेें राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि जो नेता महंगाई पर जनता को भड़का रहे हैं, उनको यह नहीं पता कि आटा किलो में आया है या लीटर में। कहा कि कांग्रेस जो गारंटियां अब लोगों को दे रही है, वह पहले अपने कार्यकाल में क्यों नहीं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा ने काम किया है। इससे पहले किसी भी सरकार ने ऐसा काम नहीं किया होगा। 

जयराम व काजल में हुई गुफ्तगू
नगरोटा बगवां में हुए सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और हाल ही में भाजपा में शामिल हुए कांगड़ा के विधायक पवन काजल के बीच नजदीकियां साफ नजर आईं। काजल को मंच पर मुख्यमंत्री के बगल में बिठाया गया। दोनों के बीच काफी देर तक गुफ्तगू भी चलती रही। मुख्यमंत्री कांगड़ा 13 सितम्बर को कांगड़ा दौरे पर आएंगे, जिसकी कमान काजल ने संभाल रखी है। हाल ही में धर्मशाला के दाड़ी में हुई रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने कांगड़ा में पार्टी के कुछ नेताओं द्वारा काजल के विरोध को दरकिनार करते हुए उन्हेें ओबीसी का बड़ा नेता बताया था। शाहपुर में हुए कार्यक्रम में भी जयराम के साथ काजल खुली जीप में सवार हुए थे।

काकू के जाने से कोई असर नहीं, कांगड़ा में हमारे पास बड़े नेता
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूर्व विधायक चौधरी सुरेंद्र काकू के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने को लेकर पूछे सवाल पर कहा कि कोई बात नहीं, इससे भाजपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। कांगड़ा में हमारे पास कई बड़े नेता हैं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay